बागेश्वर: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
बागेश्वर, अमृत विचार। कपकोट में 16 वर्ष की नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तारी को सात टीमों का गठन किया था। टीमें लगातार फरार आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी।
कपकोट थाने में बीते आठ नवंबर को एक गांव के व्यक्ति ने तहरीर में नाबालिग पुत्री के साथ सूपी, तलाई गांव निवासी दुर्गा सिंह द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया था। रिपोर्ट दर्ज करने और मेडिकल कराने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस बीच आरोपी दुर्गा सिंह अपने घर से फरार हो गया था।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार वर्मा के आदेश और सीओ अशोक कुमार सिंह के निर्देशन पर सात टीमें गठित की गई। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी 50 मैगी के पैकेट, फ्राइबीन, बीड़ी, माचिस लेकर जंगल चला गया है।
आरोपी जंगली क्षेत्रों एवं बुग्यालों में रहने का आदि है। इस पर जंगल क्षेत्र के चारों तरफ की घेराबंदी की गई। उसके चमोली गढ़वाल जाने की संभावना होने पर किलपारा गांव में दिन-रात पिकेट लगाई गई। दूसरे जिले के बार्डर की ओर जाने की संभावना पर मुनस्यारी मार्ग मिलकिला खलपट्टा पर भी एक टीम तैनात की गई। अन्य पांच टीमों के जवानों के माध्यम से उसे खोजा गया। इस दौरान आरोपित लगातार स्थान बदल रहा था। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
