हल्द्वानी: स्मैक तस्करों और नशेड़ियों के बीच पथराव
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोतवाली के पीछे नशेड़ियों ने एक तस्कर से स्मैक लूट ली। लूट कर भागे नशेड़ियों पर तस्कर और उसके साथियों ने पथराव कर दिया। कोतवाली के ठीक पीछे बद्रीपुरा में यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और अब इसका वीडियो वायरल हो गया है। मामले की मौखिक शिकायत एसएसपी पंकज भट्ट से भी की गई है।
पार्षद रवि जोशी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार रात बद्रीपुरा के हरिघास इलाके की है। बताया कि रात कुछ स्मैक खरीदार एक स्मैक विक्रेता के पास पहुंचे। स्मैक खरीदने को लेकर दोनों के बीच मोलभाव हुआ, लेकिन सौदा तय नहीं हो सका। इस पर दोनों की नोकझोंक भी हुई और तभी नशेड़ी युवक स्मैक लेकर भाग खड़े हुए। जिस पर स्मैक तस्कर और उसके साथियों ने नशेड़ियों को ईंट पत्थर लेकर दौड़ा लिया।
स्मैक तस्करों ने भाग रहे नशेड़ियों पर जमकर पथराव किया। इस घटना से इलाके में हड़कंप गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्मैकियों और नशेड़ियों के बीच हुई पूरी वारदात इलाके में लगे कुछ सीसीटीवी में कैद हो गई और अब वीडियो वायरल है। क्षेत्रीय पार्षद रवि जोशी ने बताया कि शनिवार को वह इस मामले को लेकर एसएसपी से मिले थे और उन्हें मौखिक रूप से इस मामले की जानकारी दी है।
जल्दी अमीर बनने के लिए बेच रहे नशा
मामले में पार्षद रवि जोशी का कहना है कि इलाके में पहले एक पुलिस कर्मी की ड्यूटी रहती थी, लेकिन अब नहीं। पुलिस गश्त नहीं होती। पुलिस चाहती है कि पहले कांड हो, फिर खुलासा करके इनाम लें और फिर पुलिस जनता को बताएगी कि वह कितना काम कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस के खिलाफ आंदोलन चलाने की बात कही और बताया कि इन सबके लिए सरकार भी दोषी है। रोजगार खत्म कर दिए गए और मजबूर युवा जल्द अमीर बनने के लिए नशा बेच रहे हैं।
पहले 25 हजार रुपए में खरीदी, फिर तमंचा दिखा कर लूट लिया
बद्रीपुरा में स्मैक तस्करों और नशेड़ियों का यह पहला मामला नहीं है बल्कि ऐसे कई मामले हो चुके हैं। पार्षद रवि जोशी ने बताया कि छह माह पहले पहाड़ से एक लड़का चरस बेचने आया था। उसने 25 हजार की चरस बेची और बाद में खरीदने वालों ने तमंचा दिखाकर उसे लूट लिया। तस्करों ने इलाके के दुकानदार बिल्लू शर्मा को साल भर पहले बुरी तरह पीटा था। तीन माह पहले इन लोगों ने एक का सिर फोड़ दिया था। कुछ नशेड़ियों ने माह भर पहले चोरी के इरादे से इलाके में खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए थे।
