खटीमा: अकेला हाथी हुआ हमलावर, महिला को सूंड से पटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। किलपुरा रेंज में एक बार फिर हाथी हमलावर होने लगे हैं। मंगलवार की सुबह जंगल में जानवरों के घास कटते काटकर वापस लौट रही महिलाओं पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने एक महिला को सूंड से उठाकर पटक दिया। साथी महिलाओं के शोर मचाने पर हाथी भागा। महिला को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंगलवार की सुबह ग्राम आलावृदि निवासी गीता चंद पत्नी अशोक चंद गांव की ही तीन अन्य महिलाओं के साथ किलपुरा वन रेंज में जानवरों के लिए चारा-पत्ती लेने गई थी। चारों महिलाएं जब लौट रहे थी कि रेंज के पश्चिमी क्षेत्र के नागेला बी में आते समय एक हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने गीता चंद को सूड में उठाकर पटक दिया। इससे पहले ही हाथी पुनः हमला करता साथी महिलाओं ने साहस दिखाकर शोर बचाया। इस पर हाथी जंगल में भाग गया। सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया।

रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को बीट अधिकारी कृतिका, पूजा बोधियाल, रेखा ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया। रेंजर ने बताया कि यह जंगल में अकेला घूमने वाला हाथी है। इसके मूवमेंट पर वन कर्मियों को नजर रखने के लिए तैनात कर दिया है। चिकित्सक डॉ. मनी पुनिया ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत अब स्थिर व खतरे से बाहर है। फैक्चर की जांच के लिए एक्स रे कराया जा रहा है। इधर, अकेले हाथी के हमला करने की घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। पिछले कुछ वर्षों में हाथी के हमले की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं और अनेक ग्रामीण जान गवां चुके हैं।

संबंधित समाचार