लखनऊ: होटल को जमींदोज किए जाने का व्यापारियों ने किया विरोध, रक्षा मंत्री से की मुलाकात
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रक्षा मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं और उनके निराकरण की मांग की। मुकुंद मिश्रा ने कहा बीते 5 सितंबर को लेवाना सुइट्स होटल में लगी आग एक दुर्घटना थी।लेकिन प्रशासन द्वारा इस घटना के बाद होटल व्यवसायी के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन पर क्रिमिनल धाराएं लगाकर जेल भेज दिया गया। वह तीन महीने से जेल में हैं। साथ ही, उनके अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सीज करने के साथ होटल को जमींदोज करने का एक पक्षीय आदेश जारी कर दिया है। जबकि होटल के भवन को प्राधिकरण द्वारा कामर्शियल मानचित्र भी स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि होटल के जमींदोज किए जाने के आदेश से होटल व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
प्रदेश युवा महामंत्री योगेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ वर्षों पहले मुंबई के ताज होटल में एक आतंकी घटना हुई थी, लेकिन होटल जमीदोंज नहीं किया गया। लेवाना सुइट्स होटल अग्निकांड के बाद प्रदेश भर में प्राधिकरण, फायर फाइटिंग, नगर निगम, बिजली सहित अनेक विभागों का सर्वे अभियान चल रहा है। इस सर्वे की आड़ में व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है। वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ अग्रवाल, विधि संयोजक शैलेंद्र शर्मा अटल ने राजनाथ सिंह से अपील करते हुए कहा कि यह मामला आपके संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए व्यापारी समाज को न्याय दिलवाए।
प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान राजनाथ सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने होटल के जमीदोंज के आदेश को निरस्त करने की मांग की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी हर सम्भव न्यायोचित मदद की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा, युवा प्रदेश महामंत्री योगेंद्र सिंह, नगर चेयरमैन सुमेर अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ अग्रवाल, विधि संयोजक शैलेंद्र शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, ओम प्रकाश सांवरिया, मंत्री संजय जायसवाल, रक्कू त्रिपाठी, प्रचार मंत्री प्रशांत वर्मा, युवा अध्यक्ष रमन मिश्रा शामिल रहे।
