अंबेडकर के मुंबई आवास को धरोहर के तौर पर किया जाएगा संरक्षित, सीएम शिंदे ने जारी किया बयान
मुंबई। मुंबई में डॉ. बी आर अंबेडकर के आवास ‘राजगृह’ को विरासत स्थल के तौर पर संरक्षित किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वह मध्य मुंबई के दादर इलाके में अंबेडकर के मकान का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- पीएफआरडीए ने बनाया सूरज भान को एनपीएस न्यास का चेयरमैन
उन्होंने इस दौरान प्रतिष्ठित नेता और उनकी पत्नी दिवंगत रमाबाई अंबेडकर की तस्वीरों पर माल्यार्पण भी किया। इस तीन मंजिला इमारत में एक संग्रहालय है। अंबेडकर के अध्ययन कक्ष को पहली मंजिल पर संरक्षित किया गया है। शिंदे ने दिवंगत नेता के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की जो इमारत की दूसरी तथा तीसरी मंजिल पर रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘अंबेडकर देश का गौरव हैं और जिस मकान में वह रहते थे वह ऐतिहासिक खजाना है।’’ अधिकारियों ने बताया कि शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंबेडकर के निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्मारक के काम की समीक्षा के लिए नजदीकी इंदु मिल परिसर का भी दौरा किया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली: लोकायुक्त कार्यालय में जांच निदेशक का पद सृजित करने के प्रस्ताव को उपराज्यपाल की मंजूरी
