काशीपुर: अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया धरना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। वरिष्ठ अधिवक्ता से अभद्रता करने के आरोपी दरोगा पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कार्य से विरत रहते हुए धरना देकर सभा की। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर आरोपी दरोगा के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई न होने पर प्रदेश व्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।

बुधवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय चौधरी व सचिव प्रदीप चौहान के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। अध्यक्ष व सचिव ने संबोधित करते हुए कहा कि बीते दिन कुछ तत्वों ने अधिवक्ताओं के खिलाफ कोतवाली गेट पर नारेबाजी कर अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे सभी अधिवक्ताओं का अपमान व समाज में छवि धूमिल हुई है।

ऐसे लोगों के खिलाफ बार एसोसिएशन मानहानि के नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करेगा। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता के घर में घुसकर कुछ लोगों ने मारपीट कर गाली-गलौज की। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज द्वारा दूसरी पार्टी से मिलकर वरिष्ठ अधिवक्ता को जेल भेजने की धमकी दी। इसकी शिकायत अधिवक्ता द्वारा पुलिस के उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहां पर वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा, आलम सिंह सिसौदिया, अनिल शर्मा, सनत पैगिया, भास्कर त्यागी, कैलाश बिष्ट, आलोक माथुर, नदीम सिद्दीकी, विपिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार