अमरोहा: डीएम ने गांवों की सफाई व्यवस्था की जानी हकीकत, ग्रामीणों से की वार्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कपसुआ में नौ और मलेशिया में तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव, छिड़काव के निर्देश

मंडी धनौरा (अमरोहा), अमृत विचार। क्षेत्र में बढ़ते डेंगू, मलेरिया को देखते हुए जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी सख्त रूख अपनाए हुए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने गांव मलेशिया व कपसुआ में संचारी रोगों के दृष्टिगत गांव की गलियों का जायजा लेकर सफाई व्यवस्था की हकीकत को परखा। उन्होंने डोर-टू-डोर दस्तक देकर सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पंचायती राज विभाग स्वास्थ्य विभाग द्वारा दायित्व का निर्वहन करने में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभाएं। घरों में जाकर कूलर, पुराने टायर व गमलों में भरे जल को देखा और ग्रामीणों से कहा कि इन वस्तुओं में भरा जल ही बीमारी का कारण बन रहा है। उन्होंने अपने सामने ही दवा का छिड़काव कराया। 
  
वहीं जिलाधिकारी ने ग्राम कपसुआ में निरीक्षण के दौरान भ्रमण कर बुखार से पीड़ित मरीजों से मिलकर उनका हाल चाल जाना और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आशा व संगिनी द्वारा गांव में घर-घर जाकर सर्वे कराकर मरीजों को लगाए गए कैम्प में लाकर दवाई वितरित की जाए और गंभीर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर उन्हें बेहतर चिकित्सा का लाभ दिया जाए। जिलाधिकारी ने गांव में लगाए गए कैंप में दवाओं का भी परीक्षण करते हुए कहा की कैम्प में मुख्य दवा अवश्य हो कोई भी मरीज बिना दवा के वापस नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मलेशिया व कपसुवा गांवों में आशा और संगिनी को मौके पर भेजकर अपने सामने पूरे ग्राम का सर्वे कराया गया। 

इस दौरान ग्राम कपसुआ में कुल 145 तथा ग्राम मलेशिया में 124 मरीजों का परीक्षण किया गया। जिसमें गांव कपसुआ में जांच के दौरान नौ मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। वही ग्राम मलेशिया में तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले। सभी मरीजों को जिलाधिकारी ने अपने सामने दवा का वितरण कराया। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर ग्राम प्रधान और सचिव मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें। टीम लगाकर साफ सफाई और दवा का छिड़काव कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी चंद्र शेखर शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी  राजीव सिंघल,  उपजिलाधिकारी राजीव राज,  जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप अग्रवाल, खण्ड विकास अधिकारी प्रतिभा अग्रवल सहित ग्राम प्रधान व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : परिजनों ने चोर को पकड़ा तो खुद को ब्लेड मार कर किया घायल

संबंधित समाचार