रुद्रपुर: फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक, मौत
रुद्रपुर, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। दो दिन पहले ही मृतक ने अपने दोस्त को गांव से बुलाकर नौकरी पर लगवाया था।
मूलरूप से बहदिया, थाना देवरिया कला, यूपी हाल कृष्णा कालोनी, ट्रांजिट कैंप निवासी 25 वर्षीय सुदेश कुमार यहां किराये पर रहकर सिडकुल की कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व सुदेश ने गांव से अपने दोस्त को बुलाकर यहां सिडकुल में नौकरी पर लगवाया था।
सोमवार रात को उसका दोस्त खाना खाकर ड्यूटी पर चला गया जबकि सुदेश कमरे पर ही था। सुबह जब वह ड्यूटी सामप्त कर वापस कमरे पर आया तो उसने सुदेश को पंखे से फांसी का फंदा बनाकर लटके हुए देखा। यह देख उसके होश उड़ गये और उसने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास व मकान मालिक मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुदेश को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। वही पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
