हल्द्वानी: निष्ठावान कार्यकर्ताओं को मिलेगी अहम जिम्मेदारी - कोठारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने मंगलवार को मुखानी स्थित कुमाऊं संभाग कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक सभी मोर्चों का गठन होना है। इसमें सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि आदित्य कोठारी ने विद्यार्थी परिषद में कार्य करते हुए संगठन को नई पहचान दी। इससे पूर्व संगठन महामंत्री भी रह चुके हैं। उनके कुशल नेतृत्व में संगठन मजबूत होगा और आगामी चुनाव में भाजपा की विजय होगी।
प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि गढ़वाल मेरी जन्मभूमि है किंतु कुमाऊं मेरी कर्म भूमि रही है। यहां कार्यकर्ताओ का इतना उत्साह मिला जिसकी बदौलत इस स्थान पर पहुंचा हूं। भाजपा आज जिस मुकाम पर है, यह कार्यकर्ताओं की मेहनत से हासिल हुआ है। कार्यकर्ताओं को सबको साथ लेकर समाज में काम करना चाहिए। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में अग्रणी स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को अग्रणी भूमिका में रहकर काम करना है। मुख्यमंत्री धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम हासिल किए हैं इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाए।
30 नवंबर तक होगा सभी मोर्चों का गठन
प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि 30 नवंबर तक सभी मोर्चों का गठन होना है। इसके बाद जिला, विभाग, प्रकोष्ठ आदि का भी गठन किया जाएगा। प्रत्येक बूथ में महिला मोर्चा का गठन भी किया जाएगा। इसमें दल के सभी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
इस दौरान नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता हेमंत द्विवेदी व प्रकाश रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, प्रदीप बिष्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, दिनेश आर्य, आनंद दरम्वाल, बिंदेश गुप्ता, विनीत अग्रवाल, प्रताप बोरा, हरीश आर्य, भुवन जोशी, संजय दुम्का, योगेश रजवार आदि मौजूद थे।
