संभल: हाथ-पैर बांधकर बदमाशों ने बदायूं के युवक को पीटा, ग्रामीणों ने बचाया 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

चार दिन पहले पीड़ित को नलकूप से उठाकर लाए थे आरोपी

संभल, अमृत विचार। जंगल में हाथ पैर बांधकर बदमाशों ने बदायूं के युवक की पिटाई की। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पीड़ित को बदमाशों के चुंगल से बचाया। इसके बाद रिश्तेदार उसे अपने साथ ले गए। बदमाश युवक को चार दिन पहले नलकूप से उठाकर लाए थे।   

गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव लोधी नगला में बुधवार देर रात गन्ना के खेत में चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो ग्रामीण लाठी-डंडे व टॉर्च लेकर मौके पहुंच गए। तभी उन्होंने देखा कि बदमाश रस्सी से हाथ पैर बंधकर युवक की पिटाई कर रहे थे। उनके ललकाने पर बदमाश युवक को छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने रस्सी खोलकर उसे बंधक मुक्त किया। युवक की कमर पर चोट के कई निशान मिले।

ग्रामीणों ने पीड़ित से पूछताछ की तो उसने लक्ष्मीकांत उर्फ गुल्लू जनपद बदायूं के थाना बिसौली के गांव फिरोजपुर का रहने वाला बताया। उसने कहा, बदमाश उसे चार दिन पहले नलकूप से उठाकर कहां ले गए थे। तभी से बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर रखा। बुधवार रात गुन्नौर क्षेत्र में लाकर उसकी पिटाई की। पीड़ित के पिता बाबूराम ने ग्रामीणों को बताया कि वह चार दिन पहले अचानक से गायब हो गया था।

तलाश करने पर जब उसका कहीं पता नहीं चला तो उसकी 21 नवंबर को थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं गुरुवार को युवक के बारे में जानकारी होने परिजन गांव में पहुंचे और युवक को लेकर घर चले गए। वहीं इस मामले से गुन्नौर पुलिस अनजान है। देर शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

ये भी पढ़ें:- संभल: कार की टक्कर से वृद्धा की मौत, चालक फरार

संबंधित समाचार