देहरादून: प्रेमी के साथ मिलकर तलकाशुदा पत्नी ने कर दी पति की हत्या, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। सहसपुर क्षेत्र में मीट कारोबारी की हत्या के आरोप में उसकी तलाकशुदा पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार कारोबारी लगातार अपनी संपत्तियों को बेच रहा था। ऐसे में महिला को डर था कि वह उसके बेटे के लिए कुछ नहीं छोड़ेगा। अपने बेटे के भविष्य की चिंता में महिला ने यह कदम उठाया था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने प्रेस वार्ता में बताया कि बीते बुधवार को सहसपुर के बालूवाला स्थित एक मकान में गुमान सिंह नाम के मीट कारोबारी का शव पड़ा हुआ था। गुमान सिंह की बहन पुष्पा देवी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराई थी। इस दौरान मकान तक आने वाले रूट के करीब 45 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक महिला मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति के साथ आती दिख रही थी। पुष्पा देवी ने इस महिला की पहचान अपनी पूर्व भाभी आशा यादव के रूप में की। 

पुलिस ने आशा यादव के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि उसने हत्या से पहले कई दफा रणजीत सिंह (निवासी गजा, टिहरी गढ़वाल) नाम के व्यक्ति से बात की है। हत्या के बाद भी लगातार उससे बात की जा रही थी। इस पर पुलिस ने शक के आधार पर आशा यादव और रणजीत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

एसएसपी ने बताया कि आशा यादव ने पुलिस के सामने हत्याकांड का राज खोल दिया। उसने बताया कि गुमान सिंह से उसका 2013 में तलाक हो गया था। इसके बाद से उनका बेटा गुमान सिंह के साथ ही रहता था। आशा ने बताया कि गुमान सिंह उनके बेटे का ख्याल नहीं रखता था। कुछ दिन पहले पता चला कि वह लगातार अपनी संपत्तियों को बेच रहा था। 

बालूवाला स्थित मकान को भी उसने 12 लाख रुपये में किसी को बेच दिया था। इसमें से बहुत सा रुपया वह खर्च भी कर चुका था। आशा को डर सताने लगा था कि इस तरह वह उनके बेटे के लिए कुछ नहीं छोड़ेगा। इस पर आशा ने रणजीत को सारी बात बताई। दोनों ने मिलकर गुमान सिंह की हत्या की साजिश रच डाली।

संबंधित समाचार