बाजपुर: कई घंटे बंद रहा चीनी मील में मशीन का संचालन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। सहकारी चीनी मील में बॉयलर संख्या-एक का तकनीकी खराबी की वजह से प्रेशर डाउन हो गया। जिसके चलते मील की बड़ी मशीन का संचालन कई घंटे तक रोकना पड़ा। सहकारिता क्षेत्र की प्रथम सहकारी चीनी मील बाजपुर में इस बार 19 नवंबर को नवीन गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा की गई थी, जिसे एक सप्ताह के अंदर कारखाने में गन्ना पेराई का कार्य तेजी पकड़ने लगा।

इसी बीच शुक्रवार को कारखाने के अंदर स्थापित बॉयलर संख्या-एक में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। बताया जाता है कि बॉयलर में लगे स्टीम पाइप लाइन की ट्यूब में अचानक लीकेज शुरू होने से पानी बहने लगा जिसके चलते प्रेशर डाउन हुआ तो मील की बड़ी मशीन का संचालन रोकना पड़ा। इसी बीच जानकारी होने पर प्रधान प्रबंधक हरवीर सिंह, मुख्य गन्ना अधिकारी डॉ. राजीव अरोड़ा, चीफ इंजीनियर नारायण सिंह सहित कई इंजीनियर्स व अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।

बॉयलर की ट्यूब से निकल रहे पानी को रोकने के लिए कर्मचारियों ने तत्काल मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस घटना के कारण कई घंटे तक बड़ी मशीन का संचालन बंद रहा। जिसके चलते गन्ना पेराई का कार्य प्रभावित हो गया। मील अधिकारी मिल में पेराई सत्र को रोकने का कारण बॉयलर में आई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि गन्ने की पूरी आपूर्ति न होने को बता रहे हैं।  

बॉयलर नंबर-एक में तकीनकी खराबी आ गई है जिसे दूर करवाया जा रहा है, जबकि दूसरे नंबर का बॉयलर काम कर रहा है। तकनीकी कमी की वजह से नहीं अपितु गन्ना कम होने के कारण एक मशीन को बंद रखा गया है। गन्ने की आपूर्ति पूर्ण होते ही इस मशीन का संचालन भी प्रारंभ हो जाएगा। - नारायण सिंह, चीफ इंजीनियर

संबंधित समाचार