देहरादून: डीजीपी ने कहा कड़ी मेहनत और लगन दिलाती है पदक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। 71वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती कलस्टर-2022 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय देहरादून में सम्मान किया। डीजीपी ने पदक वीरों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए कड़ी मेहनत व लगन से अभ्यास करने और स्वर्ण पदक प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।

डीजीपी कुमार ने कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं, जिन पर हमें गर्व है। इस अवसर पर सभी खिलाडियों ने आश्वस्त किया कि आने वालीं प्रतियोगिताओं में एक बार फिर से उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

एडीजी, पुलिस दूरसंचार/वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तराखंड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड अमित सिन्हा ने इस अवसर पर बताया कि 14 नवंबर 2022 से 20 नवंबर 2022 तक पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित हुई 71वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती कलस्टर-2022 में उत्तराखंड पुलिस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में 1 स्वर्ण, 2 रजत व 6 कांस्य पदक के साथ कुल 9 पदक अर्जित कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

इन वर्गों में जीते पदक
एडीजी सिन्हा के अनुसार, प्रतियोगिता में आर्म कुश्ती- 55 किग्रा वर्ग में आरक्षी कैलाश लाल ने स्वर्ण पदक, बॉडी बिल्डिंग- 55 किग्रा वर्ग में आरक्षी त्रिलोक सिंह और वेट लिफ्टिंग- 73 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी राजकुमार परिहार ने रजत पदक, बॉडी बिल्डिंग- 65 किग्रा वर्ग में आरक्षी जितेन्द्र सिंह, 90 किग्रा वर्ग में आरक्षी अमित क्षेत्री, बॉक्सिंग-60 से 63 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी विनीता महर, 63 से 66 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी हेमंती मेहता, वेट लिफ्टिंग- 73 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी ममता कुटियाल, पावर लिफ्टिंग-105 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी भगवन्त सिंह ने कांस्य पदक अर्जित किया।

संबंधित समाचार