बागेश्वर: धपोली व ढूंगापाटली में देर रात तक हो रहा है खनन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। विभाग की लापरवाही के चलते जनपद के धपोली व ढूंगापाटली में देर रात तक खान मालिकों द्वारा खनन किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद प्रशासन मात्र जांच के नाम पर मामले पर पर्दा डालते रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस बार कार्रवाई की मांग की है।
 

जनपद में लंबे समय से रात में अवैध खनन करने का आरोप लगता रहा है। प्रशासन को इस संबंध में ग्रामीण वीडियो भी सौंप रहे हैं तथा लाइव भी दिखा रहे हैं लेकिन प्रशासन इनके खिलाफ कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। गत सप्ताह ही कांडा के धपोली में रात में खड़िया खनन करने की शिकायत मिली थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ लेकिन प्रशासन ने मात्र जांच की बात कही और इसका कोई असर नहीं हुआ। अब भी धपोली व कांडा की कई खानों में रात में खनन किया जा रहा है। इसके अलावा एक बार फिर से ढूंगापाटली में रात में खनन की शिकायत आई है।

ग्राम प्रधान गणेश रावत ने रात में ही इस संबंध में जिला खान अधिकारी लेखराज से शिकायत की तथा इसका वीडियो वायरल किया लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। खान विभाग ने पूर्व की तरह एक बार फिर इसकी जांच का आश्वासन दिया है। बता दें कि गत वर्ष भी उन्होंने जांच की बात कही थी, जिसका अब तक परिणाम सार्वजनिक नहीं हुए हैं।

नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीण कहते हैं कि खान में काम करने वाले ग्रामीणों को धमकाते हुए कहते हैं कि खान में प्रदेश के एक मंत्री की पार्टनरशिप है तथा कुछ अधिकारी भी इसका संचालन करते हैं। जिससे ग्रामीण इसकी शिकायत करने से डरते हैं। इधर, ग्राम प्रधान गणेश रावत ने बताया कि रात में अवैध खनन करने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। साथ ही कई काश्तकारों के मवेशी भी दूध देना बंद कर चुके हैं। उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।

अवैध खनन की शिकायत मिली है। खान मालिकों को चेतावनी दी जा रही है। दोबारा रात में खनन किया तो कार्रवाई होगी।

- लेखराज जिला खान अधिकारी, बागेश्वर

संबंधित समाचार