निकाय चुनाव: अयोध्या में 62 संवेदनशील, 54 अति संवेदनशील व 20 अति संवेदनशील मतदान केंद्र
जिले के मतदान केन्द्रों व मतदेय स्थलों की सूची जारी
अमृत विचार, अयोध्या। शासन की ओर से भले ही अभी नगर निकाय क्षेत्रों में मेयर, चेयरमैन और वार्डों की आरक्षण सूची जारी नहीं की गयी हो। लेकिन जिला निर्वाचन कार्यालय में निकाय चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद जनपद के नगर निकाय क्षेत्रों में संवेदनशील, अति संवेदनशील व अति संवेदनशील प्लस मतदान केन्द्रों व मतदेय स्थलों की सूची जारी कर दी गयी है।
जनपद में कुल 169 मतदान केन्द्र व 466 मतदेय स्थल (बूथ) बनाये गये हैं। इस सूची के मुताबिक नगर निकाय क्षेत्रों में 62, संवेदनशील, 54 अति संवेदनशील और 20 अति संवेदनशील प्लस श्रेणी के मतदान केन्द्र होंगी। इसी प्रकार से 466 मतदेय स्थलों में से 160 मतदेय स्थल संवेदनशील, 150 अति संवेदनशील और 77 अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गये हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय पंचायत एवं नगर निकाय के सहायक निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान यादव के मुताबिक नगर निगम क्षेत्र में 91 मतदान केन्द्र व 279 मतदेय स्थल हैं। इनमें 36 मतदान केन्द्र व 106 मतेदय स्थल संवेदनशील, 29 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील तथा 93 मतदेय स्थल अति संवेदनशील और 9 मतदान केन्द्र तथा 28 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस में रखे गये हैं। इस प्रकार जनपद में 82 मतदान केन्द्र व 160 मतदेय स्थल संवेदनशील, 54 मतदान केन्द्र व 150 मतदेय स्थल अति संवेदनशील और 20 मतदान केन्द्र तथा 77 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गये हैं।
जानें नगर पालिका व नगर पंचाचतों की स्थिति
नगर पालिका परिषद रुदौली में 21 मतदान केन्द्र व 59 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें 7 मतदान केन्द्र व 14 मतदेय स्थल संवेदनशील, 8 मतदान केन्द्र व 11 मतदेय स्थल अति संवेदनशील और 3 मतदान केन्द्र व 20 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस हैं। वहीं नगर पंचायत भदरसा में 15 मतदान केन्द्र व 35 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें से 5 मतदान केन्द्र व 10 मतदेय स्थल संवेदनशील, 4 मतदान केन्द्र व 11 मतदेय स्थल अति संवेदनशील तथा 2 मतदान केन्द्र व 8 मतदेय स्थल अति संवेदनशील प्लस हैं। नगर पंचायत गोसाईंगंज में कुल 3 मतदान केन्द्र व 12 बूथ बनाये गये हैं। यहां कोई भी मतदान केन्द्र व बूथ संवेदनशील नहीं है। लेकिन 2 मतदेय स्थल व 6 बूथ अति संवेदनशील तथा 1 मतदान केन्द्र व 6 बूथ अति संवेदनशील प्लस बनाये गये हैं। नगर पंचायत बीकापुर में कुल 5 मतदान केन्द्र व 13 मतदेय स्थल बने हैं। इनमें 2 मतदान केन्द्र व 5 बूथ संवेदनशील, 2 मतदान केन्द्र व 3 बूथ अति संवेदनशील और 1 मतदान केन्द्र व 5 बूथ अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में हैं।
ये भी पढ़ें-अयोध्या: अंतरविद्यालिय विज्ञान प्रदर्शनी में लोगों को भाया कूड़े से बिजली और बाढ़ नियंत्रण का मॉडल
नवगठित नगर पंचायतें जहां पहली बार होगा चुनाव
नगर पंचायत सुचित्तागंज खिरौनी में 9 मतदान केन्द्र व 20 बूथ बनाये गये हैं। इनमें से 5 मतदान केन्द्र व 13 बूथ संवेदनशील, 1 मतदान केन्द्र व 3 बूथ अति संवेदनशील और 1 मतदान केन्द्र व 2 बूथ अति संवेदनशील प्लस हैं। नगर पंचायत कुमारगंज में कुल 10 मतदान केन्द्र व 18 बूथ बने हैं। इनमें से 2 मतदान केन्द्र व 4 बूथ संवेदनशील, 4 मतदान केन्द्र व 5 बूथ अति संवेदनशील और 1 मतदान केन्द्र व 2 बूथ अति संवेदनशील प्लस हैं। वहीं नगर पंचायत मां कामाख्या में 15 मतदान केन्द्र व 30 बूथ बनाये गये हैं। इनमें से 5 मतदान केन्द्र व 8 बूथ संवेदनशील, 4 मतदान केन्द्र व 8 बूथ अति संवेदनशील और 2 मतदान केन्द्र व 6 बूथ अति संवेदनशील प्लस में शामिल हैं।
