रामपुर में उप चुनाव, मुरादाबाद में हलचल...आजम खां की प्रतिष्ठा दांव पर

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

सोमवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मंगलवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहेंगे

मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर में विधानसभा उप चुनाव में जहां चार दशक से राजनीतिक धुरी बने आजम खां की प्रतिष्ठा दांव पर है। उनके परिवार के किसी सदस्य के चुनाव मैदान में नहीं होने के बाद चुनावी फिजा उनके इर्द गिर्द घूम रही है। भाजपा उनको चित करने के लिए हर दांव खेल रही है। भले ही यहां उपचुनाव हो रहा है। लेकिन, राजनीतिक दिग्गज मूंढापांडे हवाई अड्डे से ही होकर आ-जा रहे हैं। इसलिए यहां हलचल अधिक है।

रामपुर में आजम खां की विधायकी निरस्त होने के बाद हो रहे उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा-सपा आमने सामने हैं। भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए पार्टी के दिग्गज और सत्ता में शामिल नेता आए दिन यहां के मूंढापांडे हवाई पट्टी से होकर रामपुर आवाजाही कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के कई मंत्री जो सड़क मार्ग से चुनाव में प्रचार के लिए आ रहे हैं, वह यहां सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम कर रहे हैं। इससे मुरादाबाद में राजनीतिक तापमान ठंड में भी चढ़ा है। अब जबकि सोमवार को रामपुर उप चुनाव में प्रचार के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम जारी हो गया है। जबकि, मंगलवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का भी आना तय हो चुका है। 

दो दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी रामपुर में प्रचार के लिए आने की चर्चा अधिक है। ऐसे में मूंढापांडे हवाई पट्टी पर अल्प विश्राम के दौरान यह राजनेता विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इससे अधिकारियों की धड़कन भी तेज है। उनकी भागदौड़ भी बढ़ गई है।  वह फाइलों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। शहर से देहात तक विकास कार्यों की प्रगति का खुद जिलाधिकारी निरीक्षण कर रहे हैं। राज्यमंत्री सतपाल सैनी के सर्किट हाउस में आने को लेकर भी अधिकारी सक्रिय रहे।

यह है वीआईपी कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को आगरा एयरपोर्ट से मूंढापांडे हवाई पट्टी पर दिन में 11 बजे पहुंचेंगे। यहां ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम एवं राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 11:45 बजे वह यहां से रामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां 12 बजे कोसी मंदिर रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां से लौटकर दिन में 1:45 बजे मूंढापांडे हवाई पट्टी पर आएंगे। यहां से लखनऊ जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंगलवार को लखनऊ, सहारनपुर होते हुए दिन में 12:45 बजे मूंढापांडे हवाई पट्टी पर आएंगे। यहां से वह जिला भाजपा कार्यालय रामपुर जाएंगे। वहां कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 4:20 बजे हवाई पट्टी पर वापस आएंगे। इसके 10 मिनट बाद लखनऊ लौटेंगे। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी वीआईपी ने दी है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : सड़क हादसों में दो युवकों ने गंवाई जान, प्रेम वंडरलैंड ब्रिज के समीप देर रात की घटना

 

संबंधित समाचार