रानीखेत: 25 साल पहले मर चुके व्यक्ति के नाम से बेच डाली जमीन
रानीखेत, अमृत विचार। रानीखेत तहसील के ग्राम नैल में 25 वर्ष पहले मर चुके एक व्यक्ति के नाम से बेशकीमती जमीन बेचने का मामला प्रकाश में आया है। जिला अधिकारी के आदेश पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है। तहसीलदार मनीषा मारकाना की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच प्रारंभ कर दी गई है।
तहसीलदार मनीषा ने विगत 26 नवंबर को रानीखेत कोतवाली में तहरीर सौंपी थी। तहसीलदार ने तहरीर में कहा कि रानीखेत के ग्राम नैल में गोविंद बल्लभ तिवारी के नाम पर करीब 0.042 हेक्टर जमीन है। तिवारी की मृत्यु 1987 में हो गई थी। उसके बाद 2012 में यह जमीन अचानक उषा वसीम पत्नी वसीम अनवर निवासी लतीफ मंजिल केएमओयू स्टेशन रानीखेत के पक्ष में विक्रय की गई थी। राजस्व अभिलेखों में क्रेता के नामांकित होने और पत्रावली के विक्रय पत्र में क्रेता -विक्रेता के नाम से हस्ताक्षर के साथ ही दोनों पक्षों की फोटो भी लगे हैं। इसके अलावा गवाह के हस्ताक्षर और बयान भी हैं। साथ ही विक्रय पत्र में दोनों पक्षों के फोटो को प्रमाणितकर्ता के नाम और पते आदि भी उल्लेखित है।
करीब 25 साल पहले मर चुके व्यक्ति के नाम से जमीन बेचने का मामला सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। डीएम के आदेश पर इस मामले की जांच प्रारंभ हुई। प्रभारी कोतवाल सुनील बिष्ट ने बताया कि तहसीलदार की तहरीर पर मृतक गोविंद बल्लभ के प्रतिरुपी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद जल्द ही इस बात का पता चल जाएगा कि मृतक गोविंद बल्लभ का प्रतिरूपित कौन था। इस मामले में और कितने लोग शामिल थे। जल्द ही जालसाज सामने आ जाएंगे।
