हल्द्वानी: लाश बरेली ले जा रहे थे परिजन, पुलिस ने रुद्रपुर से बुलाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर से वापस बुलाकर पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम

हल्द्वानी, अमृत विचार। यहां एक युवक नहर में गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजन बगैर पुलिस को खबर दिए लाश लेकर चले गए। खबर मिलने पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधा और  शव लेकर वापस लौटने को कहा। परिजनों को रुद्रपुर से शव लेकर वापस लौटना पड़ा। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। 

मूल रूप से गिरधरपुर शीशगढ़ बरेली उत्तर प्रदेश निवासी विनोद (28) पुत्र राम स्वरूप पेशे से मजदूर था। वह पिछले कुछ वक्त से यहां मुखानी स्थित हिम्मतपुर मल्ला में पत्नी रूपा और तीन बेटियों के साथ रहते था। बताया जाता है कि बुधवार सुबह विनोद ईंटें लोड करने की बात कहकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह घर के पास ही प्राइमरी विद्यालय के पास से गुजर रही नहर में गिर गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
 

इसके बाद परिजन शव लेकर बरेली के लिए रवाना हो गए। इधर पुलिस को घटना की खबर मिली तो आनन-फानन पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधा और उन्हें वापस बुलाया। परिजन रुद्रपुर से शव लेकर वापस लौटे और उन्होंने पुलिस को बताया कि अस्पताल स्टाफ ने उन्हें शव ले जाने को कहा था। परिजनों का कहना है कि विनोद को मिर्गी का दौरा पड़ता था। सभवत: मिर्गी आने से वह नहर में गिरा होगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी। 

 

संबंधित समाचार