हल्द्वानी: तस्करों ने भाखड़ा के जंगलों में सागौन के पेड़ों पर चलाई आरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। वन तस्करों के हौसले बुलंद हैं। पिछले सप्ताह वन्य तस्करों ने हल्द्वानी से सटे भाखड़ा के जंगलों में सागौन के पेड़ों पर आरी चला दी और पेड़ लेकर चले गए। हैरानी की बात यह है कि रेंज ने इसकी सूचना एसडीओ या डीएफओ को नहीं दी। इससे नाराज डीएफओ ने एसडीओ को रेंजर से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।

तराई केंद्रीय वन डिवीजन की भाखड़ा रेंज के अंतर्गत वन तस्करों ने करीब दो-तीन पूर्व सागौन के 15 पेड़ों पर आरी  चला दी। ये सभी पेड़ करीब 10 वर्ष पुराने थे। तस्कर पेड़ काटकर ले गए। इस मामले में भाखड़ा रेंज ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हैरानी की बात है कि घटना के दो-तीन दिन बाद भी डीएफओ संदीप कुमार व एसडीओ शशिदेव को इसकी जानकारी नहीं थी। जब डीएफओ को पता चला कि एसडीओ को भी पेड़ों के अवैध कटान की सूचना नहीं है तो वह भड़क गए। उन्होंने एसडीओ शशिदेव को अवैध कटान में हुई कार्रवाई और उच्चाधिकारियों को समय से सूचना नहीं देने के मामले में भाखड़ा रेंजर का स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों की मानें तो रेंज ने मुकदमा दर्ज करने के बाद इसकी लिखित सूचना एसडीओ कार्यालय हल्द्वानी में प्रेषित की लेकिन फोन या मौखिक सूचना नहीं दी गई। एसडीओ तीन दिन से रुद्रपुर मुख्यालय में थीं इस वजह से उन्हें नहीं पता चला।

भाखड़ा रेंज में सागौन के करीब 10 वर्ष पुराने 15 पेड़ों काट दिए गए हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को समय से नहीं देने पर रेंजर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अवैध कटान में भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।   
= संदीप कुमार, डीएफओ तराई केंद्रीय वन डिवीजन हल्द्वानी

संबंधित समाचार