जसपुर के तीन केंद्रों पर हो चुकी है 47,764 कुंटल धान की खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जसपुर, अमृत विचार। जसपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में खाद्य विभाग के तीन धान खरीद केंद्रों में अब तक 47,764 कुंटल धान की खरीद की गई। जबकि कच्चे आढ़तियों (राइस मिलर्स ) द्वारा कृषि उत्पादन मण्डी समिति व वरिष्ठ विपणन अधिकारी कार्यालय के माध्यम से किसानों का 4 लाख 86 हजार कुंटल धान खरीदा गया। 
 

गौरतलब है कि खाद्य विभाग के इन केंद्रों में 1 अक्टूबर से धान की खरीद की गई थी। धान खरीद शुरू हुए करीब 2 माह बीत चुके हैं। जसपुर तहसील क्षेत्र के लगभग सभी किसानों के धान की बिक्री हो चुकी है। बहुत कम किसानों का धान बाकी है। धान की खरीद अभी जारी है।

खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्रों पर अभी किसानों का धान तौल के लिए पहुंचा है, जिसकी तौल चल रही है। जानकारी के अनुसार इन केंद्रों में धान तुलने बाद बिना किसी देरी के वरिष्ठ विपणन कार्यालय के अधिकारियों द्वारा किसानों का भुगतान सीधे उनके खातों में डाला जा रहा है। वरिष्ठ विपणन अधिकारी ने बताया कि किसानों का सारा धान खरीदने के बाद ही धान खरीद केंद्र बंद किये जाएंगे।

कच्चे आढ़तियों द्वारा भुगतान करने में देरी पर चिंता जताई
जसपुर। भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने कच्चे आढ़तियों द्वारा खरीदे गए धान का भुगतान समय से न मिलने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 24 घंटों के भीतर किसानों के धान का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ किसानों के धान का भुगतान एक माह बाद भी नहीं हो पाया। जिससे किसान अत्यधिक परेशान हैं। भुगतान न होने से धनाभाव के कारण किसानों के गेंहू की बुवाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही उन्हें घर के खर्चों के लिए भी आर्थिक तंगी का सामना करना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कच्चे आढ़तियों द्वारा खरीदे गए धान का भुगतान 24 घंटों के भीतर न किया गया तो भारतीय किसान यूनियन आन्दोलन करने के लिए बाध्य हो जाएगी । जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी । 

खाद्य विभाग द्वारा खरीदे गए धान का भुगतान हाथों-हाथ किया जा रहा है। कच्चे आढ़तियों व राइस मिलर्स द्वारा खरीदे गए धान का भी लगभग 70-80 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।

-नलनीकांत, वरिष्ठ विपणन अधिकारी

संबंधित समाचार