ओखलकांडा में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के विरोध में दिया धरना
नैनीताल, अमृत विचार। बीते दिनों ओखलकांडा के ग्राम डालकन्या में प्रसव पीड़िता और नवजात की मौत की जांच करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग को लेकर गुरुवार को पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।
हरीश पनेरू की विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम डालकन्या में निवासी ललित बुगियाल की पत्नी गर्भवती थी। इलाज के अभाव में बीती 29 नवंबर को वहां पर मौजूद पीएचसी में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की ही मौत हो गई थी। पनेरू ने कहा कि पीड़ित ललित बुगियाल दिव्यांग हैं और उनका एसटीएच में इलाज चल रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा डालकन्या में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग की। कहा कि यदि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी होने से 15 से 20 गांवों की जनता परेशान है। इस दौरान मोहन सिंह चौहान अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान संयुक्त संघर्ष समिति, मदन गोनिया, ईश्वर दत्त परगाई ,हरेंद्र बिष्ट, जगदीश मेहता, दीपक मेवाड़ी व सूरज रावत मौजूद रहे।
