राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सभी तैयारियां पूरी 

राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सभी तैयारियां पूरी 

अशोक गहलोत सरकार ने गुर्जर नेता विजय सिंह बैंसला को भी शांत कर दिया है। सरकार के प्रतिनिधिमंडल और गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में मुद्दों पर श्रृंखलाबद्ध बैठकें करके समस्याओं का हल निकाल लिया है।

जयपुर। कांग्रेस शासित राजस्थान में रविवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहुंचने पर उसके स्वागत के लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मध्य प्रदेश से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी जहां गांधी और अन्य भारत जोड़ो यात्रियों का झालरापाटन (झालावाड़) के चवली चौराहा में भव्य स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, मंत्री, विधायक और अन्य नेता गांधी की अगवानी करेंगे। 

ये भी पढ़ें:-Raju Theth Murder Case: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सभी 5 आरोपी पकड़े गए, हथियार भी बरामद

यात्रा से पहले गहलोत और पायलट ने राज्य में यात्रा को सफल बनाने के लिए एकजुटता का चेहरा पेश किया है। दोनों के बीच मतभेद है और मुख्यमंत्री पद के लिये रस्साकसी चल रही है। अशोक गहलोत सरकार ने गुर्जर नेता विजय सिंह बैंसला को भी शांत कर दिया है। सरकार के प्रतिनिधिमंडल और गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में मुद्दों पर श्रृंखलाबद्ध बैठकें करके समस्याओं का हल निकाल लिया है।

बैंसला ने आरक्षण और अन्य मुद्दों के संबंध में अपनी लंबित मांग को लेकर यात्रा को बाधित करने की धमकी दी थी। बैंसला ने यात्रा के खिलाफ अपना विरोध वापस ले लिया है। डोटासरा ने कहा कि झालावाड़ में स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी आज भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में यह ऐतिहासिक यात्रा होगी। इस यात्रा के लिए न केवल पार्टी कार्यकर्ता, बल्कि राज्य के लोगों में भी काफी उत्साह है।

 झालावाड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाला भाजपा का गढ़ है। वह झालावाड़ के झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। इस जिले की चारों विधानसभा सीटें भाजपा के पास हैं और राजे के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। यात्रा के प्रवेश से एक दिन पहले पायलट ने राहुल गांधी के स्वागत में शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने वीडियो में कहा पूरा राजस्थान राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए तैयार है। क्या आप आ रहे हैं? 

वीडियो में उन्हें जूते का फीता बांधते, शरीर को फैलाते, चश्मा ठीक करते और दौड़ते हुए दिखाया गया है । उसमें उनके साथ और भी लोग जुड़ते दिखाये गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता कम ही आते हैं। राहुल गांधी राजस्थान में यात्रा की शुरुआत सोमवार को सुबह छह बजे काली तलाई (झालरापाटन) से करेंगे। वह 14 किमी की दूरी तय कर सुबह 10 बजे बाली बोरडा चौराहा पहुंचेंगे। भोजनावकाश के बाद यात्रा दोपहर साढ़े तीन बजे नाहरडी से पुन: प्रारंभ होगी और शाम साढ़े छह बजे चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। 

कांग्रेस नेता शाम को चंद्रभागा चौराहा (झालरापाटन) में कॉर्नर मीटिंग करेंगे और झालावाड के खेल संकुल में रात्रि विश्राम करेंगे। राजस्थान पहला कांग्रेस शासित राज्य है जहां यात्रा प्रवेश कर रही है। गांधी 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश करने से पहले 17 दिनों में राजस्थान के झालावाड़, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर जिलों में लगभग 500 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। गांधी 15 दिसंबर को दौसा के लालसोट में किसानों के साथ संवाद करने और 19 दिसंबर को अलवर के मालाखेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। 

ये भी पढ़ें:-MCD Election LIVE : दिल्ली में निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी, 10 बजे तक 10 फीसदी मतदान