रुद्रपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिडकुल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि परिजन उसकी शादी की तैयारी करने वाले थे, लेकिन उससे पहले युवक हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से गंगापुर, बिलासपुर निवासी प्रेम कुमार वर्तमान में अपने परिवार के साथ शांति कॉलोनी में रह रहा था और सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। बताया जा रहा है कि रोजमर्रा की भांति प्रेम सोमवार की रात को साइकिल से ड्यूटी के लिए निकला था कि नैनीताल हाईवे स्थित पीएसी गेट के सामने अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

जिससे वह छिटककर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद से युवक के परिवार में कोहराम मचा है। बताया जा रहा कि मृतक तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। मंगलवार को परिवार के लोग उसके लिए लड़की देखने जाने वाले थे और शादी की तैयारी कर रहे थे। लेकिन खुशी से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

संबंधित समाचार