हल्द्वानी: जालसाज रितेश पांडे और साथियों पर लगी गैंगेस्टर
हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकारी नौकरी का झांसा देकर दर्जन लोगों को अपना शिकार बना चुके रितेश पांडे पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। रितेश की गैंग में एक मां-बेटे भी शामिल हैं। पुलिस ने कुछ माह पहले ही रितेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और अब वह जमानत पर बाहर है।
मुखानी थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि एसएसपी और जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद जेल रोड चौराहा निवासी रितेश पांडे पुत्र मोहन चंद्र पांडे के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। रितेश का एक घर बिडलास अपार्टमेंट डालनवाला देहरादून में भी है।
रितेश के खिलाफ हल्द्वानी, रामनगर और मुखानी थाने में आधा दर्ज के करीब मामले दर्ज हैं। रितेश की गैंग में आदित्य मेहरा पुत्र डीएस मेहरा निवासी मल्लीताल नैनीताल व आदित्य की मां कविता मेहरा पत्नी डीएस मेहरा भी शामिल हैं। तीनों मिलकर लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगते हैं।
रितेश इस गैंग का लीडर है। गैंग के साथी मां-बेटे पर आदित्य के खिलाफ मुखानी थाने में तीन केस दर्ज हैं। जबकि उसकी मां कविता के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने यह माना है कि आरोपी अपराधी और दुस्साहसी हैं। इसी वजह से कोई इनके खिलाफ रिपोर्ट लिखाने और गवाही देने की हिम्मत नही जुटा पाता। ये भोले-भाले लोगों को प्रभावित कर धोखाधड़ी करने के आदि हैं।
