बाजपुर: कैंटर ने बाइक सवार को कुचला, मौत
बाजपुर, अमृत विचार। बेकाबू कैंटर चालक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जबकि उसकी पत्नी बुरी तरह घायल हो गई, जिसे सरकारी अस्पताल से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। जिसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
ग्राम मधुपुरी स्वार रामपुर (उप्र) निवासी शंकर (35) पुत्र टीकाराम मंगलवार को अपनी पत्नी भागवती के साथ ग्राम हरलालपुर बाजपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। जो देर रात करीब साढ़े 9 बजे बाइक पर दोनों घर वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर ग्राम महेशपुरा के नजदीक स्थित मोड़ पर बेकाबू कैंटर के चालक ने बाइक सवार को दंपती को जोरदार टक्कर मार दी।
जिसमें शंकर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बुरी तरह घायल हो गई। जिसे आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों की मदद से दोराहा चौकी की पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा।
वहीं, घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। विवाह समारोह की खुशियां भी गम में बदल गईं। इधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
