बाजपुर: कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार
बाजपुर, अमृत विचार। कोतवाली बाजपुर के अंतर्गत बरहैनी, दोराहा व सुल्तानपुर पट्टी चौकी की पुलिस टीमों ने अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 64 लीटर कच्ची शराब सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक तस्कर की बाइक सीज की गई है।
एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि सुल्तानपुर पट्टी चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोसी नदी के बक्शीश गेट के पास से बाइक सवार ग्राम रम्पुरा काजी केलाखेड़ा निवासी सोनू को पकड़ लिया।
तलाशी में उसकी बाइक से कच्ची शराब के 68 पाउच (करीब 34 लीटर) व 920 रुपये बरामद हुए हैं। उधर, दोराहा चौकी में तैनात कांस्टेबल प्रभात चौधरी व भरत धानिक ने 10 लीटर कच्ची शराब समेत रजपुरा नंबर-दो दौलपुरी निवासी बबलू ग्राम महेशपुरा के नजदीक नेशनल हाइवे-74 से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा बरहैनी चौकी में तैनात सिपाही मनोज करायत व दीपक सिंह ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम कुकरेंटा निवासी जरनैल सिंह उर्फ जैली को 20 लीटर कच्ची शराब समेत गांव के नजदीक से गिरफ्तार किया है।
