बाजपुर: अवैध खनन करने पर नौ वाहनों को किया सीज
बाजपुर, अमृत विचार। अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए एसडीएम आरसी तिवारी व तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट की अगुवाई में सुल्तानपुर पट्टी से लेकर गोबरा तक सुबह तीन बजे से छह बजे तक छापेमारी कार्रवाई की गई। जिसमें फ्लैश लाइट में हो रहे अवैध खनन में लिप्त सात डंपर, दो ट्रैक्टर-ट्राली सीज की गई, जबकि अनेक चालक अपने वाहन माल नदी में ही फेंक कर भाग गए।
राजस्व विभाग की योजना के तहत बड़ी संख्या में राजस्व कर्मियों की टीमें एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी के मार्गदर्शन व तहाीलदार अक्षय कुमार भट्ट के नेतृत्व में नदी में उतरीं तो जगह-जगह खड़े फिल्डरों के फोन घनघना उठे, लेकिन प्रशासन ने भी चाल चलते हुए सरकारी वाहनों से पहले ही दूसरे वाहनों से टीम को भेज कर धड़पकड़ की गई।
प्रशासन के मुकाबले हमेशा जान जोखिम में डाल खनन करने वाले लोग नैनीताल जिले की ओर निकल गए, फिर भी टीमों द्वारा नदी के अतिरिक्त मसीत से एक ट्रैक्टर-ट्राली व डंपर, दोराहा से एक व गोबरा, जोगीपुरा से पांच डंपर व एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा गया जिन्हें सीज कर दिया गया है। कुल नौ वाहनों को सीज किया गया है। वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। टीम में राजस्व निरीक्षक सुनीतिपाल, पटवारी इस्राइल, विक्रम सिंह,राजेश व सुरक्षा कर्मी शामिल थे।
