टनकपुर: इस बार सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला नौ मार्च से होगा शुरू
टनकपुर, अमृत विचार। इस बार देश के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले का आगाज अगले वर्ष होली पर्व के बाद 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस बार पूरे 3 माह यानी 9 जून तक इस मेले का संचालन होगा। सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले को भव्य और बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा ने टनकपुर के तहसील सभागार में अधिकारियों, मां पूर्णागिरि धाम के पुजारियों और टैक्सी यूनियन के साथ बैठक की। देश का यह सुप्रसिद्ध मेला नौ मार्च से नौ जून तक तीन माह तक चलेगा। इसके लिए अधिकारियों को बिजली, पानी, सड़क, यातायात संबंधी समस्याओं को अभी से चुस्त-दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत के एएमए भगवत पाटनी ने पूर्णागिरि मेले के दौरान होने वाली समस्याओं को एडीएम के सम्मुख रखा। जिस पर एडीएम वर्मा ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, पार्किंग स्थल, सफाई व्यवस्था आदि समस्याओं को जल्द से जल्द से दुरस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागों को पूर्णागिरि में दो एंबुलेंस सेवा रखे जाने, ठुलीगाड़ और भैरव मंदिर मेडिकल कैंप लगाए जाने, टैक्सियों का सही संचालन करने, पुलिस फोर्स को समय पर तैनात करने, परिवहन निगम से टनकपुर से ठुलीगाड़ तक 10 छोटी बसों का संचालन करने, दुकानदारों से रेट लिस्ट चस्पा करने, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, ई-रिक्शा चालकों पर रेट लिस्ट निर्धारित करने, बाटनागाड़ में ट्रांसफार्मर लगाए जाने, शारदा घाट में बिजली लगाए जाने आदि समस्याओं का जल्द निवारण किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में मां पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन ने पूर्णागिरि मेले के दौरान आने वाले वाहनों को टनकपुर में ही पार्क किए जाने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा पूर्णागिरि मेले के दौरान आने वाले वाहनों को ठुलीगाड़ और उचौलीगोठ के पास स्थित पार्क करने के बजाय टनकपुर में ही पार्क कर लिया जाए। जिससे यहां के होटलों, ई-रिक्शा चालकों, व्यापारियों आदि को सहूलियत मिलेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, तहसीलदार पिंकी आर्या, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन चंद्र तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र कुमार, शारदा वन रेंज के रेंजर महेश सिंह बिष्ट, बूम वन रेंज के रेंजर गुलजार हुसैन, कोतवाल चंद्र मोहन सिंह, ऊर्जा निगम के एई मयंक भट्ट, सिंचाई विभाग एसडीओ आरके यादव, जल संस्थान के एई बीएस कुआर्बी, जेई विपिन चंद्र कलोनी, परिवहन निगम के आरएम पवन मेहरा, पालिका के अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी, पूर्ति निरीक्षक भुवन राम, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव सुरेश तिवारी,पूर्व अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय, डॉ वीके जोशी, डॉ़ हेमंत शर्मा, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह धामी, सचिव दीपक जोशी, कोषाध्यक्ष विकास धामी, महासचिव नारायण सिंह गैड़ा समेत तमाम विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कालिका मंदिर में स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग
टनकपुर। मां श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन चंद्र तिवारी ने बैठक के दौरान कालिका मंदिर के पास भी पूर्णागिरि मेले में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि मेले में हर वर्ष ठुलीगाड़, भैरव मंदिर और टुन्नास के पास अस्थाई तौर पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाते हैं लेकिन कालिका मंदिर क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र ना होने से श्रद्धालुओं को दिक्कतें आती हैं। उन्होंने मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कालिका मंदिर क्षेत्र में भी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने की पुरजोर वकालत की है।
