जसपुर: सात दिनों से बंद नादेही चीनी मिल बमुश्किल शुरू, किसानों ने ली राहत की सांस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जसपुर, अमृत विचार। तकनीकी खराबी आने के कारण सात दिनों से बंद पड़ी नादेही चीनी मिल शुक्रवार को आठवें दिन बमुश्किल चल पाई। जसपुर क्षेत्र की नादेही चीनी मिल टर्बाइन मे तकनीकी खराबी आ जाने से विगत शुक्रवार को तड़के करीब चार बजे बंद हो गई थी।

मिल के मुख्य अभियंता व उनकी टीम द्वारा कई दिन तक मिल की खराब हुई टर्बाइन को ठीक करने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन उन्हें सफलता मिल पाई। मिल बंद होने के कारण गन्ने की तौल भी बंद हो गई। मिल के गन्ना यार्ड में सैकड़ों की तादाद में गन्ने से लदे वाहन जमा हो गए। जिससे गन्ना तुलवाने आए किसानों में भारी रोष व्याप्त हो गया। जिसके बाद आक्रोशित किसानों व भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मिल के प्रशासनिक कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरु कर दिया था।

किसानों के आक्रोश को देखते हुए मिल प्रशासन ने टर्बाइन का खराब पार्ट ठीक होने के लिए गाजियाबाद भेजा। वहां से टर्बाइन का पार्ट ठीक होने के बाद गुरुवार को को सांय चीनी मिल लाया गया और उसे फिट करने के लिए बाहर के इंजीनियर को बुलाया गया। शुरू में उसे भी सफलता नहीं मिल पाई। रातभर मेहनत करने के बाद उसे शुक्रवार को तड़के करीब 5 बजे इसमें सफलता मिली, जिसके बाद पिछले सात दिनों से बंद पड़ी चीनी मिल सुचारू हो पाई जिसके बाद मिल प्रशासन ने राहत की सांस ली। मिल शुरू होने पर सात दिन से मिल चलने की इन्तजार में मिल पर तुलवाने आये किसानों के चेहरे खिल उठे और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। किसान सात दिन से मिल शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।

जिसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और उनका गन्ना सूख रहा था। उनके काम का नुकसान हो रहा था। गन्ना किसानों ने बताया कि मिल बंद रहने के दौरान उनका गन्ना काफी सूख चुका है । जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। जिसके लिए मिल प्रशासन जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की है कि मिल प्रशासन द्वारा उनके नुकसान की भरपाई की जाये ।

किसानों ने आंदोलन समाप्त किया
जसपुर। सात दिन से बंद पड़ी नादेही चीनी मिल के चालू होजाने पर भारतीय किसान यूनियन ने अपने आन्दोलन को तेज करने व गन्ना मंत्री का पुतला फूंकने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। भाकियू नेताओं ने मिल चलने पर हर्ष व्यक्त किया और अपने धरने को समाप्त करने की घोषणा की और धरना-प्रदर्शन में सहयोग करने वाले किसानों व अन्य सभी लोगों को धन्यवाद दिया और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मिल चलाने के लिए जीएम विवेक प्रकाश के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर भाकियू के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता, ब्लाक अध्यक्ष जगीर सिंह,  युवा ब्लाक अध्यक्ष अमन प्रीत सिंह, जगजीत सिंह भुल्लर, सुखदीप सिंह सहोता, धर्म सिंह, दीदार सिंह, चौधरी किशन सिंह, धर्मेन्द्र सिंह बिन्दर, अर्जुन सिंह, रूप सिंह, संजीव कुमार, देवेन्द्र सिंह, रूप सिंह, प्रमोद चौहान, सोहन सिंह, प्रेम सिंह  नरेन्द्र सिंह,, खूब सिंह, लखवीर सिंह, हरजिंदर सिंह, मंजीत सिंह, तारा सिंह, मनजिन्दर सिंह, विक्की सिंह आदि मौजूद रहे ।

सरकार से की जाएगी नुकसान के भरपाई की मांग
जसपुर । भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने कहा कि भले ही सात दिन से बंद पड़ी चीनी मिल चालू हो गई है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय किसान यूनियन मिल पर कड़ी निगरानी रखेगी। क्योंकि मिल की स्थिति इतनी ठीक नहीं है। उन्होंने मिल बंदी के दौरान गन्ना सूखने से हुए किसानों के नुकसान पर चिंता व्यक्त कहा कि सरकार से किसानों के नुकसान की भरपाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि 7 दिन चीनी मिल बंद रहने से किसानों को बड़ा नुकसान यह हुआ है। उन्होंने मिल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मिल बंदी की पुनरावृत्ति न हो। 

संबंधित समाचार