बरेली: ठिरिया निजावत खां चेयरमैन सीट पर सेंधमारी की तैयारी में भाजपा, डगर नहीं आसान
बरेली, अमृत विचार। शहर से लगी अल्पसंख्यक बहुल ठिरिया निजावत खां नगर पंचायत की चेयरमैन सीट पर सेंधमारी करने के लिए भाजपा तैयारी में जुटी है। पदाधिकारी ठोस रणनीति बना रहे हैं लेकिन जो स्थिति वर्तमान में दिख रही है, उससे भाजपा के सामने कई मुश्किलें भी नजर आ रही हैं। यह सीट पिछले बार से सपा के खाते में है। यह भी कहा जाता है कि इस सीट पर अधिकांश चुनाव में निर्दलीय ही जीता और जो भी सरकार रही, चेयरमैन उसमें चले गए थे। चेयरमैन सीट के लिए भाजपा की ओर से अभी तक दो चेहरे ही सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: निगम में आसान नहीं नो-ड्यूज लेना, भटक रहे पार्षद पद के आवेदक
भाजपा में 13 दिसंबर तक ही आवेदन लेने के निर्देश हैं। भाजपा आंवला के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार पिछली बार महिला सीट होने पर भाजपा ने सेक्टर प्रभारी नदीमा खातून पर दांव खेला था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बार भी नदीमा खातून की दावेदारी सामने आई है। आंवला जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल का कहना है कि अभी तक दो लोगों की दावेदारी सामने आई है। इसमें एक पूर्व चेयरमैन भी शामिल हैं। सोमवार और मंगलवार तक ही आवेदन लिए जाएंगे, इस बीच आवेदन बढ़ सकते हैं।
नगर पंचायत की गठन और वोटरों की स्थिति
1973 में ठिरिया निजावत खां नगर पंचायत का गठन हुआ था। यह सीट पहले कभी अनारक्षित नहीं थी। पिछले चुनाव में महिला सीट घोषित हुई लेकिन इस बार यह सीट अनारक्षित घोषित हुई है। पंचायत की बात करें तो महफूज खां की पत्नी तारा बी ही पिछले चुनाव में सपा से लड़ी और जीतीं थीं। इस नगर पंचायत सीट में सर्वाधिक वोटर मुस्लिम वर्ग से है। कुल 21154 वोटर हैं। 2017 के निकाय चुनाव में यह सीट महिला थी और सपा की तारा बी ने जीत दर्ज की थी।
14 तक ही चेयरमैन पद के लिए स्वीकार किए जाएंगे आवेदन
भाजपा के संगठनात्मक जिला बरेली के अंतर्गत आने वाली दो नगर पालिका और 11 नगर पंचायतों से चेयरमैन पद के लिए 5 से 6 आवेदन अभी तक पहुंचे हैं। जिलाध्यक्ष पवन शर्मा के अनुसार 14 दिसंबर तक ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, इसके बाद यदि कोई आवेदन देना भी चाहेगा तो उस आवेदन को शामिल नहीं किया जाएगा। उनके अनुसार बहेड़ी नगर पालिका परिषद से छह और नगर पालिका नवाबगंज से आठ आवेदन आए हैं। इसके साथ ही 11 नगर पंचायतों से 5 से 6 आवेदन आए हैं। 14 तक आवेदन लेने के बाद ही आवेदकों की जांच की जाएगी। नामों पर चर्चा करने के बाद स्क्रूटनी कमेटी में तीन नाम तय किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- बरेली: सर्दी के मिजाज के साथ आगे बढ़ रही सरकारी कंबल खरीद प्रकिया
