मेरठ: कुएं में गिरा तेंदुआ, आवाज आने पर ग्रामीणों को हुई जानकारी, वन विभाग रेस्क्यू करने में जुटा
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ मंडल के बागपत जिले में बिनौली थाना क्षेत्र के रंछाड़ गांव के जंगल में सोमवार को कुएं से अजीब आवाज आने पर ग्रामीणों को कुएं में तेंदुआ गिरा होने की जानकारी हुई। तेंदुआ कुएं में गिरा होने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम रेस्क्यू करने में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- मेरठ: 400 रुपए हो गन्ने का रेट, डेढ़ माह बाद भी दामों पर संशय बरकरार
खेत पर जाने के दौरान कुएं में पड़ा देखा तेंदुआ
रंछाड गांव के जंगल में किसान रणवीर का खेत पर कुआं है। कुआं काफी गहरा और खराब पड़ा है। शिकार की तलाश में भटक रहा तेंदुआ कुएं में जा गिरा। सोमवार सुबह खेत पर जाने के दौरान कुछ किसानों ने कुएं से अजीब आवाज़ सुनी। किसानों ने कुंए में देखा तो वह हैरान रह गए। कुएं में एक तेंदुआ गिरा पड़ा था और वह निकलने के लिए छलांग लगा रहा था।
रेस्क्यू के लिए पहुंची वन विभाग की टीम
कुएं में तेंदुआ गिरा होने की जानकारी पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग को मामले की सूचना दी। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी, वन दरोगा चंद किरण शर्मा, वनरक्षक संजय कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बेहोश कर निकाला जायेगा तेंदुआ
वन विभाग की टीम तेंदुए को कुएं से निकालने में जुट गई है। मौके पर आ रही भीड़ को भी पुलिस बल हटाने में जुटा है। वन विभाग के अधिकारी तेंदुए को बेहोश करने के बाद कुएं से निकालेंगे। जिसके, लिए एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है। वहीं, तेंदुआ कुएं में गिरने की जानकारी आस पास के गांव में भी आग की तरह फैल गई।
मेरठ से बागपत पहुंचा तेंदुआ
लगभग एक सप्ताह पहले मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में रात के समय में एक कुत्ते के पीछे भागता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। जिसके, बाद वन विभाग की टीम ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन, कोई सफलता नहीं मिली। यह मार्ग बागपत की और जाता है। माना जा रहा है कि तेंदुआ यहां से निकलने के बाद टहलता हुआ बागपत की और चला गया था। शिकार की तलाश में वह कुएं में गिर गया। अब, रेस्क्यू के बाद तेंदुए को सेंक्चुरी में छोड़ा जायेगा।
ये भी पढ़ें- मेरठ : घर से बुलाकर 12वीं के छात्र की हत्या, शव जंगल में फेंका, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया मर्डर का आरोप
