बरेली: रवि रस्तोगी के महापौर पद पर आवेदन से दावेदारों में बेचैनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महापौर पद के लिए भाजपा में 23 आवेदन आए हैं। सोमवार से आवेदनों की सूची में रवि प्रकाश रस्तोगी का नाम शामिल होने से भाजपा के अन्य दावेदारों में बेचैनी बढ़ गई है। रवि प्रकाश रस्तोगी की मजबूत दावेदारी मानी जा रही है। इनके पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, पूर्व वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल समेत कई विपक्षी नेताओं से भी करीबी संबंध हैं। इन्हें टिकट मिला तो विपक्ष के कुछ नेताओं का जोश स्वत: कम होने की चर्चाएं हो रही हैं। वर्षों से राजनीति में सक्रिय रहकर इनकी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी बेहद नजदीकियां हैं। 

ये भी पढ़ें- बरेली: 300 बेड अस्पताल में शिफ्ट होगा दिव्यांग जन कार्यालय

चर्चाएं हैं कि उच्च स्तर पर भरोसा मिलने के बाद ही रवि प्रकाश रस्तोगी ने महापौर पद पर टिकट लेने के लिए ताल ठोकी है। जब वह सोमवार को भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा के समक्ष आवेदन करने पहुंचे तो वहां मौजूद नेता एक बार को सकपका गए। नेताओं को उम्मीद नहीं थी कि वह भी दावेदारी कर सकते हैं। राजेंद्र नगर निवासी रवि रस्तोगी सोनार (स्वर्णकार) जाति से हैं, जो वैश्य समाज के अंतर्गत आती है। वह इंटरमीडिएट पास हैं और वर्तमान में ब्रज प्रदेश में कार्य समिति में सदस्य होने के साथ नगर पालिका बिल्सी के प्रभारी हैं। 

उन्होंने बताया कि वह पूर्व में भाजपा महानगर में उपाध्यक्ष व महामंत्री, प्रदेश मंत्री गोवंश विकास प्रकोष्ठ, जिला प्रभारी भाजपा जिला शाहजहांपुर व जिला पीलीभीत और निकाय चुनाव में महानगर प्रभारी आदि पदों पर रह चुके हैं। राजस्व विभाग से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर वह पूर्णरूप से भाजपा में रहकर सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए महापौर पद के लिए टिकट की मांग की है।

ये भी पढ़ें- बरेली के इतिहास से रूबरू करा रहा पुरानी जिला जेल में लगा लाइट और साउंड

 

संबंधित समाचार