बरेली: नए साल में पहाड़ों पर जाने की तैयारी कर रहे शहरवासी
बरेली, अमृत विचार। नए साल के आगमन में अब कुछ ही दिन बचे हैं। लोग स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। कोरोना के चलते करीब दो साल से लोग नए साल पर कहीं घूमने नहीं जा सके थे लेकिन अब किसी तरह की बंदिश नहीं है। इस बार लोग नए साल और क्रिसमस पर सैर-सपाटे के लिए दोस्तों व परिवार के साथ दूसरे शहरों में घूमने जा रहे हैं, जिसमें पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को देखने के लिए लोगों में उत्साह है। वहीं, कई युवा विदेश में जाकर नए साल के जश्न के लिए फ्लाइट बुकिंग करा रहे हैं। लोगों ने घूमने के लिए ट्रेनों में बुकिंग कराना शुरू कर दिया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अज्ञात वाहन की टक्कर से बच्चे की मौत, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
हालत यह है कि अभी से ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति शुरू हो चुकी है। अधिकांश ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलना मुश्किल हो गया है। वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी हो गई है कि रिजर्वेशन कंफर्म होने की गुंजाइश नहीं है। दिल्ली, मुंबई, पुणे एवं कोलकाता सहित अन्य महानगरों में जाने के लिए ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। अब लोग ट्रेवल एजेंसी और निजी वाहनों की मदद ले रहे हैं। इससे उन्हें अधिक बजट भी खर्च करना पड़ रहा है।
टूर पर जाने वालों को दे रहे आकर्षक पैकेज
शहर की ट्रेवल्स एजेंसी और बुकिंग सेंटरों पर टूर पर जाने वालों को उनके बजट के अनुसार आकर्षक पैकेज दिए जा रहे हैं। शहर के अपार्टमेंट और कॉलोनी में रहने वाले लोग संयुक्त रूप से घूमने का प्लान बना रहे हैं। इससे एक तो मस्ती करने का मौका मिलता है दूसरा टूर का पैकेज भी काफी सस्ता पड़ता है।
यहां घूमने की योजना बना रहे लोग
अधिकतर लोगों ने दिल्ली, मुंबई, गोवा, कोलकाता, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, केरल, राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर, बीकानेर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मनाली, ओडिशा के भुवनेश्वर, कटक, जगन्नाथपुरी धाम, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के अमर कंटक आदि पर्यटन स्थलों पर घूमने का प्लान तैयार कर लिया है। इतना ही नहीं तिरुपति बालाजी मंदिर, शिरडी, वैष्णो देवी, खाटू श्याम, बालाजी, उत्तराखंड, मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर भी जिले को लोग नए साल पर दर्शन करने के लिए जाएंगे।
नए साल पर परिवार के साथ हरिद्वार समेत और भी जगहों पर जाने की तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए परिवार में चर्चा की जा रही है।-अंशिका सिन्हा, राजेंद्र नगर
नए साल पर बाहर जाने का प्लान चल रहा है। पूरे परिवार के साथ इस बार घूमने जाने की तैयारी है। दो साल से कहीं घूमने नहीं जा पा रहे थे।- हिरेश गुप्ता, प्रेमनगर
नए साल पर इस बार परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जाने की तैयारी कर ली है। कोरोना के चलते पहले नहीं जा सके थे। हालांकि पहाड़ों की बर्फबारी देखना प्राथमिकता में रहेगा।
-मानस गोयल, डीडीपुरम
नए साल पर इस बार दोस्तों के साथ मालदीव जाने का प्रोग्राम बना रहे हैं। इसको लेकर प्लानिंग भी कर ली गई है। हम सभी दोस्तों ने फ्लाइट भी बुक कर ली है।-अनुज सिंह, सुभाष नगर
नए साल पर लोगों की ओर से देश के विभिन्न राज्यों में घूमने के साथ विदेशों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, शादी के मांगलिक कार्यों के लिए लोग विदेश जा रहे हैं।- साकेत, टूर एंड ट्रैवल्स, रामपुर गार्डन
ये भी पढ़ें- बरेली: इमरजेंसी में हो रहा निजी अस्पताल रेफर का खेल, अब टीम करेगी निगरानी
