बहराइच: 22 घंटे से 110 गांवों और जंगल के पर्यटक विश्राम गृहों की बिजली गुल
33 केवी लाइन का तार टूटने से हुई दिक्क़त, फाल्ट ठीक करने में जुटे विद्युत कर्मी
अमृत विचार, बिछिया/ बहराइच। लखीमपुर खीरी के धौरहरा और बहराइच के सुजौली के बीच 33केवी विद्युत लाइन का तार टूटने से क्षेत्र के 110 गांवो की बिजली आपूर्ति बाधित है। सुबह विद्युत कर्मियों की गस्त के समय तार टूटने की जानकारी हुई इसके बाद फॉल्ट को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। बिजली गुल होने से क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ कतर्नियाघाट सेंक्चुरी आने वाले पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जनपद बहराइच के तहसील मोतीपुर (मिहीपुरवा) के थाना सुजौली क्षेत्र में 100 से अधिक गांवों के साथ कतर्नियाघाट सेंक्चुरी में स्थापित वन विश्राम गृहों में पड़ोसी जिले लखीमपुर से बिजली मिलती है। लखीमपुर के धौरहरा विद्युत उप केन्द्र से 33केवी विद्युत लाइन बहराइच के सुजौली क्षेत्र में स्थित कैलाशपुरी सब स्टेशन तक पहुचती है। जहां के फीडरों से सुजौली क्षेत्र के अलग अलग गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की शाम करीब 5 बजे अचानक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिससे सुजौली क्षेत्र के 110 गांवों में अंधेरा छा गया। वन विभाग व निजी गेस्ट हाउस में भी बिजली गुल रही। लोगों ने अंधेरे में रात बिताई।
क्षेत्रों में पिछले लगभग 22 घण्टे से आपूर्ति ठप है। फाल्ट होने की सूचना पर विद्युत विभाग के कैलाशपुरी सब स्टेशन कर्मी जितेंद्र कुमार, राजू सिंह ने लाइन मैनों के साथ गश्त की तब ढखेरवा और धौरहरा के बीच 33 केवी लाइन का तार टूटा मिला। विद्युत कर्मियों ने शॉर्ट सर्किट से तार टूटने की संभावना जताई है। उपकेंद्र प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है कोशिश है कि शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाए।
ये भी पढ़ें -रायबरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता मिला युवक का शव , मचा हड़कंप
