रुद्रपुर: कोरोना से निपटने के लिए ऊधमसिंह नगर में बनाए गए 1026 आइसोलेशन वार्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंदन बिष्ट/मनोज आर्या रुद्रपुर। कोविड-19 की चौथी लहर को देखते हुए जहां जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाएं देखी थीं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 1026 आइसोलेशन वार्ड बना दिए हैं। इसके अलावा सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त स्वास्थ्य कार्मिकों की तैनाती भी हो चुकी है। वहीं, लोगों को कोरोना से सुरक्षित रखने के लिए को-वैक्सीन की दूसरी खेप भी रुद्रपुर पहुंच चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि कोरोना को धराशायी करने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग बेहद संजीदा है।

बताते चलें कि वर्ष 2020 से 2021 में कोरोना की पहली और दूसरी लहर ने कई जिंदगियां छीन ली थीं। जैसे ही वर्ष 2022 गुजरने के करीब  पहुंचा। वैसे ही देश में कोविड-19 की चौथी लहर की दस्तक ने शासन प्रशासन को सतर्क कर दिया। ऐसे में पुरानी लहर से सबक लेते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग बेहद संजीदा हो गया है। यही कारण है कि मंगलवार को डीएम युगल किशोर पंत की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज में मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को जायजा लिया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 1026 आइसोलेशन वार्डों की स्थापना कर दी है।

इसके लिए सितारगंज में तीस, काशीपुर में 96, रुद्रपुर में 548, खटीमा में 100, बाजपुर में 30, गदरपुर में 30, जसपुर में 30, किच्छा में 45, नानकमत्ता में 14 कोविड वार्ड सहित आईसीयू बनाए गए हैं। इसके अलावा पीएचसी, सीएचसी सहित सरकारी अस्पतालों में कुल मिलाकर 1026 वार्ड बनाए गए हैं। साथ ही सभी अस्पतालों में 54 वेंटिलेटर की व्यवस्था हो चुकी है। लोगों को को-वैक्सीन लगाने के लिए देहरादून से छह हजार वैक्सीन भी आ चुकी है।


कोरोना से निपटने के लिए जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड सहित जनरल वार्ड महिला-पुरुष एवं आईसीयू बना दिए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त स्वास्थ्य कार्मिकों की तैनाती हो चुकी है। वेंटिलेटर के अलावा ऑक्सीजन रहित बेड भी सरकारी अस्पतालों में लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग आपात स्थिति से निपटने को तैयार है।
-डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर।

जिले में लोगों को को-वैक्सीन लगाने के लिए देहरादून से छह हजार वैक्सीन की दूसरी खेप आ चुकी है। इससे पहले 1500 के करीब वैक्सीन आई थी। कोरोना की पहली व दूसरी डोज के साथ ही बूस्टर डोज की सूची तैयार की जा रही है। जिन लोगों को कोई भी डोज नहीं लगी है। प्रचार-प्रसार के माध्यम से लगवाने का आह्वान किया जाएगा।
-डॉ. तपन कुमार, एसीएमओ, ऊधमसिंह नगर।

संबंधित समाचार