रुड़की: क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार दुर्घटनाग्रस्त, डिवाइडर से जा टकराई थी कार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का शुक्रवार सुबह रुड़की लौटते समय हादसा हो गया। घटना सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। ऋषभ पंत के पैर में फ्रैक्चर आया है, पीठ और माथे पर भी गहरी चोटें आई हैं। माथे पर कुछ टांके भी लगाए गए हैं।ऋषभ पंत चोटिल

बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज स्पीड से पहले डिवाइडर के किनारे लगी लोहे की मजबूत रेलिंग से टकराई, उसके बाद उड़ते हुए रेलिंग तोड़कर डिवाइडर के बीच में लगे खंभे को तोड़कर हाईवे के दूसरी तरफ जा पहुंची। तेज गति से सड़क पर घसीटते हुए कार करीब 200 मीटर की दूरी पर जाकर रुकी। इसके बाद उसमें आग लग गई। बताया गया है कि मौके पर पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह शीशे तोड़कर ऋषभ पंत को बाहर निकाला।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें नारसन से रुड़की की ओर करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सक्षम हॉस्पिटल पहुंचाया। सक्षम हॉस्पिटल के डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि भर्ती के दौरान ऋषभ पंत की हालत थोड़ी गंभीर थी। उपचार के बाद अब उनकी हालत में सुधार है। इसके बाद ऋषभ पंत को देहरादून स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि यहां ऋषभ पंत की प्लास्टिक सर्जरी भी होगी।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनका समूचित इलाज करने की सभी संभव व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एंबुलेंस की आवश्यकता होगी तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी।

संबंधित समाचार