रुद्रपुर: 15 हजार के फरार इनामी को किया गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। सितारगंज पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आवास-विकास रुद्रपुर निवासी जितेंद्र पांडे ने ट्रक में 887733 रुपये माल कीमत की प्लाईवुड के गबन कर लेने की तहरीर सौंपी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने नाजिम निवासी ग्राम लालपुर कला थाना टांडा जिला रामपुर यूपी, मोहम्मद आलम निवासी ग्राम रामपुर, चाना रजबपुर, जिला अमरोहा यूपी, खुशदीप सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचना के दौरान अभियुक्तों की तलाश के काफी प्रयास किए गए, लेकिन अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहे थे।
एसएसपी ने नाजिम और मोहम्मद आलम की गिरफ्तारी पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया था। पुलिस इस मामले में नाजिम को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बीती शनिवार को सितारगंज पुलिस ने दूसरे फरार आरोपी मोहम्मद आलम को भी गिरफ्तार कर लिया।
