अल्मोड़ा: पेड़ से लटका हुआ मिला युवक का शव
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के धौलादेवी ब्लॉक के दन्या क्षेत्र में एक युवक का शव घर के पास एक गधेरे में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर दन्या पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचायत नामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दन्या के थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि दन्या क्षेत्र के पोखरी गांव निवासी नंदन सिंह पुत्र गिरीश सिंह शनिवार की सुबह अचानक कहीं चला गया। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी काफी खोजबीन की गई। लेकिन, उसका कहीं कोई पता नहीं चला। ग्रामीण रात भर उसकी तलाश करते रहे।
इस दौरान युवक के घर के पास एक गधेरे में पेड़ पर एक शव लटका मिला। जिसकी शिनाख्त नंदन के रूप में हुई। मृतक युवक की उम्र करीब पैंतीस वर्ष है और कुछ समय पहले ही उसने एमए के बाद बीएड भी किया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अचानक हुई इस घटना के बाद से युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
