देहरादून: यूपीसीएल की ओर से बेवसाइट पर जारी हुई नए बिजली दरें, एक अप्रैल से होंगी लागू
देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की ओर से दिया गया बिजली दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी का प्रस्ताव वेबसाइट पर जारी कर दिया है।आयोग इस पर जनसुनवाई के बाद निर्णय लेगा, जिसके बाद नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी।
यूपीसीएल ने 15 दिसंबर को जो प्रस्ताव नियामक आयोग में भेजा था, उसमें नियमविरुद्ध 6.5 प्रतिशत सरचार्ज भी जोड़ लिया था। आयोग ने प्रस्ताव लौटाया तो यूपीसीएल ने 26 दिसंबर को नया प्रस्ताव दिया। इसमें सरचार्ज हटाकर 16.96 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग की गई।
नियामक आयोग ने यूपीसीएल के इस प्रस्ताव को सभी हितधारकों के लिए वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इसमें यूपीसीएल ने माना है कि उन्हें सरचार्ज हटाने के बाद 1507 करोड़ 13 लाख रुपये की जरूरत होगी, जिसकी भरपाई के लिए उन्हें 16.96 प्रतिशत बढ़ोतरी की दरकार है।
वर्तमान में जो दरें हैं, उनमें सरचार्ज जुड़ा हुआ है। हमने 16.96 प्रतिशत का जो प्रस्ताव दिया है, उसके संबंध में नियामक आयोग से सोमवार को बात करेंगे। ताकि 1507.13 करोड़ का जो गैप है, उसकी भरपाई का रास्ता निकले। - अजय अग्रवाल, निदेशक, प्रोजेक्ट, यूपीसीएल
