खटीमा: श्रीपुर विचवा में गुलदार ने युवक को किया घायल, दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। वन्य जीवों के लिए प्रमुख किलपुरा रेंज के जंगल के गुलदारों के हमलावर होने के मामले बढ़ गए हैं। ताजा मामले में सोमवार की देर सायं गुलदार ने श्रीपुर बिचवा गोठ में एक युवक को झपट्टा मार कर घायल कर दिया।

रात से ही जंगल से सटे गांवों में दहशत है। घायल का सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है। इधर, वन विभाग ने गांव में ग्रामीणों को वन्य जीव संघर्ष को लेकर अलर्ट किया। रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती ने ग्रामीणों से जंगल में अधिक अंदर न जाने व जंगल से सटे गांवों में सर्तकता पर जोर दिया है।

वन विभाग के अनुसार सोमवार की देर शाम को  किलपुरा वन क्षेत्र के अन्तर्गत श्रीपुर विचवा गोठ निवासी राहुल बोरा पुत्र हयात सिंह बोरा को गुलदार ने झपट्टा मारकर घायल कर दिया। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी किलपुरा जीवन चंद्र उप्रेती ने स्टाफ को भेजा। स्टाफ ने पीडि़त को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल भेजा, जहां इलाज जारी है। सूचना फेलते ही जंगल से सटे गांवों में दहशत फैल गई। बताया गया कि युवक खेल कर वापस लौट रहा था। किलपुरा रेंज में पूर्व में भी मानव वन्य जीव संघर्ष के अनेक मामले सामने आते रहे हैं। हाथी व गुलदार के हमलों में अनेक ग्रामीण अपनी जान गवां चुके हैं। हर बार ग्रामीणों को अलर्ट किया जाता है।

इधर, मंगलवार को वन विभाग की ओर से श्रीपुर विचवा गोठ में वन एवं वन्य जीव सुरक्षा व मानव वन्य जीव संघर्ष विषयक गोष्ठी आयोजित की गई। साथ ही वन कर्मियों ने घूम घूम कर लोगों को अलर्ट किया। 

संबंधित समाचार