काशीपुर: 1494 नशे के इंजेक्शन के साथ दो तस्कर दबोचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। नशीले इंजेक्शन बेचकर युवाओं को भविष्य खराब करने वाले दो नशा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों रामपुर के स्वार से इंजेक्शन खरीदकर यहां बेचने ला रहे थे।

मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अभय सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत कुंडा पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी काशीपुर की तरफ से आ रहे बाइक पर सवार दो युवकों को जब रूकने का इशारा किया तो वह बाइक रोकने की बजाए वापिस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिस ने उन्हे दौड़कर पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास मौजूद कट्टे से 1494 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुमित कुमार निवासी ग्राम मिलक नौखरीद थाना स्वार जनपद रामपुर व मौहम्मद असलम निवासी सुल्तानपुर पट्टी बताया। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि यह नशे के इंजेक्शन रामपुर जिले के स्वार से नदीम नामक व्यक्ति से सस्ते दामों में खरीदकर सुल्तानपुर पट्टी, बाजपुर व काशीपुर के आसपास क्षेत्रें में महंगे दामों में बेचते हैं।

पुलिस ने बाइक सीज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया है। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने नदीम की तलाश भी शुरू कर दी है। पुलिस टीम में सीओ वंदना वर्मा, थानाध्यक्ष कुंडा दिनेश फर्त्याल, उपनिरीक्षक कैलाश देव, कांस्टेबल नरेश चौहान व हेमंत कुमार शामिल रहे।

संबंधित समाचार