हल्द्वानी: बनभूलपुरा में बवालियों पर रखी जा रही सीसीटीवी से नजर
हल्द्वानी, अमृत विचार। रेलवे भूमि खाली करने के आदेश के बाद बनभूलपुरा में गहमा-गहमी है। भीड़ सड़कों पर है और आशियाने बचाने के लिए हर रोज कोई न कोई मूवमेंट बनभूलपुरा में हो रहा है। इस बीच अंदेशा है कि कुछ शरारती तत्व माहौल को बिगाड़ सकते हैं। इसे सांप्रदायिक रंग भी दिया जा सकता है। ऐसे में खुफिया विभाग ने बनभूलपुरा में डेरा जमा लिया है और उपद्रव फैलाने की आशंका वाले तमाम संदिग्ध लोगों की सूची तैयार कर ली गई है।
बीती 28 दिसंबर को रेलवे और प्रशासन ने मिलकर रेलवे भूमि पर पिलरबंदी का पुन: सर्वे किया था और मात्र सर्वे की खबर से ही हजारों लोग सड़क पर आ गए थे। माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा और बनभूलपुरा की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया। इसके बाद आशियाने बचाने के हर दिन किसी न किसी तरह का प्रदर्शन बनभूलपुरा में किया जा रहा है।
मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है और अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है। बीते दिनों आशियाने बचाने के लिए बनभूलपुरा के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला था और इस मार्च में कुछ लोगों ने गड़बड़ी फैलाने की भी कोशिश की। खुफिया विभाग ने माहौल खराब करने वालों के नाम के साथ रिपोर्ट आला अधिकारियों को दी। अब लगातार प्रदर्शनों के बीच माहौल खराब होने की भी आशंका जताई जा रही है।
ऐसे में पुलिस ने खुफिया तंत्र को सर्तक कर दिया है। खुफिया तंत्र 24 घंटे बनभूलपुरा में हो रहे हर मूवमेंट पर नजर रखे हुए है। अधिकारियों ने बताया कि जो गड़बड़ी फैला सकते हैं, उनकी सूची तैयार कर ली गई है। अभी कुछ और नाम इसमें शुमार किए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस सूची में तीन दर्जन से अधिक लोगों के नाम शामिल किए हैं और इन पर हर पल नजर रखी जा रही है।
