124 केन्द्रों पर शुरू हुई एकेटीयू की विषम सेमेस्टर परीक्षायें
अमृत विचार लखनऊ। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के सत्र 2022-23 की विषम सेमेस्टर स्नातक एवं परास्नातक के रेगुलर एवं कैरीओवर की परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन 493 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी । जबकि 69 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 124 केंद्र बनाये गये हैं।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 1 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जा रही है। कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र के निर्देश पर परीक्षा की सुचिता को बनाये रखने के लिए हर केंद्र पर दो-दो आब्जर्वर की तैनाती की गयी है। वहीं परीक्षार्थियों पर नजर रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। जिनसे विश्वविद्यालय से ही परीक्षा पर नजर रखी जा रही है। परीक्षार्थियों की उपस्थिति केंद्र पर फेस बायोमेट्रिक से हो रही है।
