राजस्थान देश में युवाओं को निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने वाला अग्रणी राज्य: गहलोत
उदयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राजस्थान देश में युवाओं को निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने वाला अग्रणी राज्य है। गहलोत आज उदयपुर के जोनल रेलवे ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित मेगा जॉब फेयर के अन्तिम दिन युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 3 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। वहीं निजी क्षेत्र में भी राज्य सरकार की नीतियों से निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है तथा बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- सचिन पायलट ने सम्मेद शिखरजी को लेकर केंद्रीय पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आकड़ों के अनुसार राजस्थान 11.04 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर के साथ देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि नए एमएसएमई कानून के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे नए उद्यमियों को ब्याज-मुक्त ऋण मिल रहा है। साथ ही, राज्य में लेबर अनरेस्ट की भी कोई स्थिति नहीं है। इन सुविधाओं के चलते राजस्थान निवेशकों का मुख्य आकर्षण बन चुका है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित इन्वेस्ट राजस्थान समिट में 11 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। इनसे लगभग 10 लाख रोजगार उत्पन्न होने की संभावना है। गहलोत ने कहा कि आज पूरा देश बढ़ती महंगाई से परेशान है। राजस्थान की जनता को महंगाई की मार से राहत पहुंचाने और रसोई का खर्च कम करने के लिए राज्य सरकार उज्जवला योजना के लाभार्थियों, बीपीएल एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अप्रेल से 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें आर्थिक सम्बल मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं से राज्य देश में मॉडल स्टेट बना है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 10 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है। हार्ट, लीवर, किडनी ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट में सम्पूर्ण खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है। दवाइयां और जांचें निःशुल्क उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही, 5 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा से विपरीत परिस्थितियों में सम्बल प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य में 211 कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 94 गर्ल्स कॉलेज हैं। 500 बालिकाओं के नामांकन पर कॉलेज खोलने का निर्णय राज्य सरकार ने किया है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छात्राओं को बड़े स्तर पर निःशुल्क स्कूटी का वितरण किया जा रहा है।
इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज उच्च शिक्षा में लड़कियों का नामांकन लड़कों से अधिक हो गया है। प्रदेश में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं, ताकि वंचित तबके के विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना से प्रदेश में हजारों विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जा रही है। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के माध्यम से युवाओं को विदेशों में निःशुल्क पढ़ने का अवसर मिल रहा है।
गहलोत ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगजन, विधवा एवं बुजुर्ग सहित लगभग 1 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन दी जा रही है। मुख्यमंत्री किसान मित्र ऊर्जा योजना से 8 लाख से अधिक किसानों का बिजली बिल शून्य हुआ है। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा 50 यूनिट बिजली मुफ्त देने से 38 लाख घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली का बिल जीरो हुआ है। इंदिरा रसोई योजना से आमजन को 8 रूपए में पौष्टिक भोजन प्राप्त हो रहा है।
ये भी पढ़ें- ऊंट-भेड़ की वेस्ट वूल निर्मित थैलियों में तैयार पौध, पर्यावरणीय दृष्टिकोण से लाभदायक
