मुरादाबाद : महापौर व नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल खत्म, समिति प्रभावी

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

उच्च न्यायालय के आदेश के तहत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति ने संभाला कार्य

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव समय पर न होने के चलते निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का कार्यकाल पूरा होने पर उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति प्रभावी हो गई है। 70 वार्डों वाले नगर निगम में भी चार जनवरी 2018 को पहली बैठक के आधार पर कार्यकाल की गणना पूरा होते ही समिति सक्रिय हो गई है। नगर आयुक्त का कहना है कि अब वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। 

नगर निगम का पिछला चुनाव 2017 में हुआ था। दिसंबर में चुनाव पूरा होने के बाद भाजपा के बहुमत वाली बोर्ड ने कार्यभार संभाला। महापौर विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में चार जनवरी 2018 को निर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक हुई थी। माना जा रहा था कि कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही चुनाव हो जाएंगे। लेकिन, पिछड़ी जाति के आरक्षण के पेच में मामला उच्च न्यायालय से होकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।

शासनादेश और उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में बोर्ड की पहली बैठक के आधार पर कार्यकाल की गणना को मानते हुए इस महीने चार जनवरी को कार्यकाल समाप्त माना गया। इसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर गठित समिति प्रभावी हो गई। अब महापौर विनोद अग्रवाल सहित सभी 70 पार्षद निवर्तमान हो गए। नये चुनाव होने पर जो जीत के आएगा उसके हाथ में नगर निगम की कमान तब होगी। तब तक के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ही नगर निगम के अधिकारों का प्रयोग कर जनहित के कार्य कराएगी। 

हमेशा जनता का सेवक रहकर किया है कार्य
कार्यकाल के समाप्त होने पर विनोद अग्रवाल का कहना है कि चार जनवरी 2018 को बोर्ड की पहली बैठक हुई थी। जनता ने महापौर चुना था जनता की पूरी सेवा की। जनहित, नगर निगम और शहर हित में पूरे समय लगा रहा। कोई सरकारी सुख सुविधा का मोह कभी नहीं रहा। आगे भी जनता की सेवा करता रहूंगा। सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष अनुमति याचिका दायर की है, देखें क्या होता है।

जनता के हित में कार्य करेगी समिति 
नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित हुई है। इसमें वह कार्यकारी सदस्य हैं। जिलाधिकारी के द्वारा एक जिला स्तरीय अधिकारी को इसमें नामित किया जाना है। उनके मार्गदर्शन में समिति पूरी तरह सक्रिय होकर नगर निगम क्षेत्र की जनता के हित में कार्य करेगी।

नगर पंचायत चेयरमैन का कार्यकाल समाप्त, अधिशासी अधिकारी को कमान
पाकबड़ा। नगर पंचायत के मौजूदा चेयरमैन व बोर्ड का कार्यकाल पूरा हो गया है। अब इसकी बागडोर अधिशासी अधिकारी के हाथ में रहेगी। सभी विकास कार्य अधिशासी अधिकारी के माध्यम से ही होंगे।  पाकबड़ा नगर पंचायत की पहली बैठक 6 जनवरी को हुई थी। जिसके अनुसार अब वर्तमान बोर्ड और चेयरमैन का कार्यकाल पूरा हो गया। आरक्षण की सूची को लेकर फिलहाल नगर निकाय के चुनाव की स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर चुनाव अभी नहीं हो पा रहे हैं। नगर पंचायत की बोर्ड की बैठक 6 जनवरी 2018 को हुई थी। अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि नगर पंचायत की बोर्ड की पहली बैठक जनवरी की 6 तारीख को हुई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार बोर्ड की बैठक तक अध्यक्ष का कार्यकाल था। अब एक समिति बनाई जाएगी जिसके अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे और हम लोग सदस्य के रूप में होंगे। इस समिति में जिला स्तरीय एक अधिकारी और होंगे और उन्हीं के निर्देश पर कार्य कराए जाएंगे। जब तक चुनाव नहीं हो जाते तब तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मोबाइल और पढ़ने का गलत तरीका बना रहा सर्वाइकल का शिकार

संबंधित समाचार