अयोध्या: परिषदीय विद्यालयों में 62 व माध्यमिक में 121 दिन की छुट्टियां, शैक्षणिक कैलेंडर जारी
अमृत विचार, अयोध्या। बेसिक, माध्यमिक और मदरसा बोर्ड के स्कूलों के नए शैक्षिक सत्र की तैयारियों में विभाग जुटा है। विभागीय वार्षिक कलेंडर में अवकाश तय कर दिए हैं। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों में 62 और माध्यमिक में 121 दिनों का अवकाश होगा।
जारी कैलेंडर के अनुसार परिषदीय स्कूलों में 32 दिन पर्व के अवकाश होंगे, जबकि 40 दिन का शीतकालीन व ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। वहीं माध्यमिक स्कूलों में 229 दिन पढ़ाई 121 दिन छुट्टी और 15 दिन बोर्ड परीक्षा के लिए तय हुए हैं। मदरसों में हर शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश के साथ ही 75 दिनों का अवकाश होगा। विद्यालयों के संचालन के लिए तय किए गए अवकाशों के आधार पर ही पढ़ाई का संचालन होगा। इसमें परिषदीय विद्यालयों में तय अवकाश के साथ ही बीते पांच जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में निर्धारित अवकाश को 29 दिसंबर 2022 कर दिया गया था।
इसके अलावा डीएम द्वारा अनुमन्य अवकाश देय होंगे। मुस्लिम त्योहार चंद्र दर्शन के अनुसार एक दिन आगे या पीछे हो सकते हैं। हरितालिका तीज, करवा चौथ, संकठा चतुर्थी एवं हलषष्ठी, ललई छठ, जीउतिया व्रत, अहोई अष्टमी का अवकाश अध्यापिकाओं के लिए होगा।
शिक्षकों की बेकार हो गई चार छुट्टी
माध्यमिक विद्यालयों में एक जनवरी से 31 दिसंबर 2023 तक की छुट्टी और स्कूलों में पढ़ाई के दिनों का पूरा ब्योरा भेजा गया है। 15 जनवरी 2023 को मकर संक्रांति, पांच फरवरी को हजरत अली का जन्मदिवस व संत रविदास जयंती, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा और 12 नवंबर को दीपावली रविवार को पड़ेगा। ऐसे में यह चार छुट्टी शिक्षकों की बेकार हो गई है। 121 दिनों की छुट्टी में 21 मई 2023 से लेकर 30 जून 2023 तक शिक्षकों का ग्रीष्मावकाश भी शामिल है।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: स्नातक चुनाव को लेकर सपा ने बनाए प्रभारी
