पटना के बाद बक्सर में लाठीचार्ज, महिलाओं पर हमला निंदनीय: सुशील मोदी
पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने पटना में सचिवालय सहायक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज और अब बक्सर में किसान परिवार की महिलाओं के घर में घुस कर पिटाई करने की पुलिस बर्बरता की निंदा करते हुए आज कहा कि अब ‘लाठीमार सरकार है, बिहार में नीतीसे कुमार हैं।’
यह भी पढ़ें- शहीद कॉन्स्टेबल कुलदीप सिंह बाजवा के नाम पर स्टेडियम बनाने और सडक़ का नाम रखने का ऐलान
मोदी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि अब श्री नीतीश कुमार उन लोगों के साथ हैं, जो लाठी में तेल पिलाने की अपील करते थे। उनकी भाषा और शासन शैली, दोनों लट्ठमार हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पटना में लाठीचार्ज की जानकारी नहीं थी और उप मुख्यमंत्री बक्सर की घटना से खुद को अनभिज्ञ बता रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि बक्सर के किसानों की यह मांग जायज है कि चौसा में बनने वाले बिजली घर के लिए जमीन का मुआवजा वर्ष 2013-14 की बाजार दर के बजाय वर्तमान दर पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसान पिछले तीन महीनों से अपनी मुआवजा संबंधी मांग के समाधान के लिए आंदोलन कर रहे थे लेकिन वास्तविक समाधान करने के बजाय मुख्यमंत्री फर्जी ‘समाधान यात्रा’ पर निकल गए।
मोदी ने कहा कि जब सरकार की संवेदनहीनता पर किसानों का गुस्सा फूटा, तो आंदोलनकारियों से झड़प हुई। क्या इतनी-सी बात पर पुलिस को सर्दी की रात में महिलाओं पर हमला करना चाहिए था। वे क्या अपराधी या नक्सली थीं।
क्या जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह इस बर्बरता को भी जायज ठहरायेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को अब संयम और शांति से काम लेना चाहिए। हिंसा-आक्रोश से किसी समस्या का समाधान नहीं होता। सरकार को भी तुरंत किसानों से बात करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस की जोशीमठ आपदा के लिए 1000 करोड़ का पैकेज देने की मांग
