बरेली: पीलीभीत रोड पर कुछ दिन राहत, फिर बढ़ेंगी दुश्वारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आज धौरेरा मोड़ से खुदाई होगी शुरू, 300 मीटर तक डिवाइडर नहीं होने पर नहीं बनेगी जाम की समस्या

बरेली, अमृत विचार। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत पीलीभीत रोड से सटे धौरेरा माफी में सीवर लाइन बिछाने का काम गुरुवार को पूरा हो गया। बैरियर टू चौकी से कुछ दूरी पर पीलीभीत रोड स्थित धौरेरा माफी गेट से महानगर तक शुक्रवार से कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए रोड किनारे बैरियर लगा दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: सीयूजीएल कंपनी ने छावनी परिषद को दिया 20 लाख का चेक

हालांकि जाम की समस्या से लोगों को कुछ दिन राहत मिल सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि जिस प्वांइट से कार्य शुरू होगा वहां से करीब 300 मीटर तक डिवाइडर नहीं है। रोड फोरलेन होने के चलते वाहन पूर्व की तरह ही निकल रहे हैं। चार से पांच दिन में डिवाइडर तक सीवर लाइन पहुंचने के बाद एक लेन पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।

फिर पीलीभीत की तरफ जाने वाले वाहन और उधर से बरेली आने वाला ट्रैफिक एक ही लेन पर गुजरेगा। इस दौरान ट्रैफिक लोड बढ़ने से वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ना तय है। बता दें, नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत हरूनगला में नकटिया नदी किनारे एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगाया जा रहा है। इसके निर्माण से रामगंगा नदी में गिरने वाले 13 नालों का पानी साफ किया जाएगा।

वहीं, दूसरी तरफ इस योजना के तहत शहर से सटे इलाकों में नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवर लाइन डाली जा रही है। कार्यदायी संस्था इनवायरो इंफ्रा इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील चौहान के मुताबिक शुक्रवार से पीलीभीत रोड के धौरेरा माफी मोड़ से महानगर तक सीवर लाइन डाले जाने का काम शुरू होगा। रोड किनारे बैरियर लगा दिए गए हैं। तीन से चार दिन में कार्य डिवाइडर तक पहुंचने पर पीलीभीत से आने वाले वाहनों के लिए एक तरफ की लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।

किला पुल : जाम से नहीं मिल रही निजात
अफसरों की तमाम कोशिशों के बाद भी किला पुल के नीचे सर्विस रोड पर जाम के हालात सुधरते नहीं दिख रहे। स्कूलों के खुलने के बाद से तो हालात और बदतर हो गए हैं। पुल के नीचे सर्विस लेन पर किसी तरह जाम खुलने पर वाहनों का निकलना शुरू होता है तो कई बार रेलवे क्रासिंग पर लोग फंस जाते हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और यातायात पुलिसकर्मी दबी जुबान से अब यही कहते दिख रहे हैं कि इस समस्या का समाधान पुल के शुरू होने के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: 80 लाख से किच्छा बैराज की सुधरेगी दशा, मरम्मत के साथ की जाएगी री-डिजाइन

संबंधित समाचार