रुद्रपुर: ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने किया प्रदर्शन, कार्यात्मक विलय के खिलाफ हुए लामबंद 

रुद्रपुर: ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने किया प्रदर्शन, कार्यात्मक विलय के खिलाफ हुए लामबंद 

रुद्रपुर, अमृत विचार। कार्यात्मक विलय के खिलाफ ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने प्रांतीय संगठन के आह्वान पर कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी है। जिला इकाई ने शुक्रवार को विरोध में धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जिस कार्य को पंचायत विकास अधिकारी करते हैं। उसी कार्य को ग्राम विकास अधिकारी को देना न्याय संगत नहीं है।

कार्यात्मक विलय से कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ स्थिरता नहीं आ पाएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से कार्यात्मक विलय के आदेशों को रद्द करने की मांग की। आगाह किया कि यदि उनकी मांग पर गौर नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।


शुक्रवार को विकासखंडों में कार्यरत ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन की जिला ईकाई के पदाधिकारी एवं कार्मिक गांधी पार्क में इकठ्ठा हुए। जहां उन्होंने गांधी की प्रतिमा के नीचे टैट लगाकर अपना आंदोलन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि प्रदेश सरका र द्वारा पंचायत विकास अधिकारियों के कार्यात्मक विलय करने का फरमान जारी किया है।

बताया कि 73वें संविधान संशोधन में पंचायतीराज विभाग को मूल विभाग माना है और ग्राम विकास विभाग एक रेखीय विभाग है। ऐसे में संविधान संशोधन के मुताबिक पंचायतीराज को मूल विभाग माना जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कार्यात्मक विलय को रद्द करते हुए पंचायतीराज विभाग को मूल विभाग माना जाएं।

ताकि पंचायती राज विभाग के कार्मिकों को भी विकासखंड में पदोन्नति का मौका मिल सके। इस मौके पर विनोद गिरि गोस्वामी, सुनील सागर,जसवीर सिंह, देवकी सागर, मीनू आर्या, विकास गोस्वामी, दीपक असगोला, तनुज धामी, रमनदीप कौर, योगेश उपाधयाय, गुरप्रीत कौर आदि मौजूद रहे।