मेरठ: इन्वेस्टर समिट में बोले उद्योग मंत्री- अब नहीं देना पड़ता गुंडा टैक्स
मेरठ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में आज व्यापारी भयमुक्त है। गुंडा टैक्स मांगने वाले गुंडे या तो जेल की सलाखों के पीछे हैं या ऊपर भेज दिए गए। आज व्यापारी उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। जिस, कारण उत्तर प्रदेश आज देश में सर्वोत्तम प्रदेश बनकर उभरा है। शुक्रवार को इन्वेस्टर समिट में पहुंचे उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि नए भारत के ग्रोथ इंजन और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुके उत्तर प्रदेश में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 के लिए मेरठ में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही प्रदेश में उद्योगों को बढ़ाने को लेकर अपने विचार रखें।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हमने 21 देशों का दौरा किया। लोग बेहद उत्साहित हैं, बाहर से हमें सात लाख 12 हजार करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं। आज उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बना है। जहां उद्यमियों और निवेशकों ने योगी सरकार पर अटूट विश्वास जताते हुए 16,000 करोड़ रूपए से अधिक का न सिर्फ निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किया, बल्कि एमओयू भी साइन किया। उद्यमियों का यह विश्वास बताता है कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 निवेश के उच्चतम शिखर को हासिल करेगा।

उन्होंने कहा कि दूसरी सरकारों में व्यापारियों से गुंडा टैक्स मांगा जाता था। जिस, कारण व्यापारी उत्तर प्रदेश में निवेश करने से बचते थे। परंतु, अब व्यापारियों ने भाजपा सरकार पर भरोसा जताते हुए उत्तर प्रदेश में निवेश करना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम में मंत्री एमएसएमई खादी ग्रामोद्योग राकेश सचान, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, विधायक कैंट अमित अग्रवाल, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, राज्य मंत्री संजीव सिक्का आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- मेरठ: समस्याओं का समाधान ना होने तक जारी रहेगा अभियान- सर्वेश पुंडी
